पंचकूला को मिली ‘थर्ड आई’, हाईटेक एआई कैमरों से मजबूत होगी शहर की सुरक्षा
पंचकूला, 8 अक्टूबर (सुरेंद्र गोयल) - पंचकूला को सुरक्षित, स्मार्ट और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। शहर में अपराध की रोकथाम, अपराधियों की पहचान तथा आमजन की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से हाईटेक, एआई आधारित और सोलर पावर से संचालित सर्विलांस कैमरे लगाए जा रहे हैं।
एनटीपीसी लिमिटेड के स्वतंत्र निदेशक सीए पंकज गुप्ता ने पंचकूला पुलिस के साथ इस महत्वपूर्ण परियोजना को लेकर एमओयू किया। इस पहल के लिए आवश्यक धनराशि पहले ही जारी की जा चुकी है। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों पर 50 कैमरे पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि आने वाले समय में शहर के विभिन्न हिस्सों में सैकड़ों और कैमरे लगाए जाएंगे।
इस महत्वपूर्ण पहल के सिलसिले में सीए पंकज गुप्ता ने डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक श्री अमरिंदर सिंह जी से मुलाकात की और परियोजना की प्रगति तथा शहर में हाईटेक सर्विलांस व्यवस्था को और मजबूत करने को लेकर चर्चा की। इस दौरान शहर की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण तथा तकनीक के प्रभावी उपयोग से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
सीए पंकज गुप्ता ने इस पहल के लिए हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल जी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनका महत्वपूर्ण विचार और पहल थी। उन्होंने पुलिस आयुक्त श्री पंकज नैन जी तथा पूर्व पुलिस आयुक्त श्री शिवाश कबिराज जी के सहयोग के लिए भी आभार जताया।
उन्होंने विशेष रूप से डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक श्री अमरिंदर सिंह जी के लगातार फॉलोअप, मेहनत और प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को जमीन पर उतारने में अमरिंदर सिंह जी की निरंतर मेहनत और प्रतिबद्धता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
सीए पंकज गुप्ता ने कहा कि उनके लिए यह पहल केवल तकनीक और आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजना नहीं है, बल्कि उस शहर के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का माध्यम है, जिसने उन्हें अपनी जड़ें दी हैं।
उन्होंने कहा, “मुझे केंद्रीय महारत्न सार्वजनिक उपक्रमों के माध्यम से देश की सेवा करने का अवसर मिला है, लेकिन मैं पंचकूला, हरियाणा को कभी नहीं भूल सकता। पंचकूला मेरा घर है। इस शहर की प्रगति, सुरक्षा और विकास हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगा।”
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पंचकूला की सुरक्षा, विकास और आधुनिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों की ओर से सीए पंकज गुप्ता का पुष्पों से स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया।

