पंचकूला की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस सख्त

पंचकूला, 7 अक्टूबर (उमा कपिल)-  पंचकूला की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। वाहनों पर गैर-कानूनी तरीके से लाल-नीली बत्ती, सायरन, काली फिल्म, गैर-कानूनी स्टिकर या अन्य प्रतिबंधित चीजों का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देशों के तहत ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारी खुद भी सड़कों पर उतरकर नियमों की निगरानी कर रहे हैं।

इसी दौरान बीती रात डी.सी.पी. क्राइम एंड ट्रैफिक आई.पी.एस. अमरिंदर सिंह सरकारी गाड़ी से सेक्टर-14 मार्केट की ओर जा रहे थे। इस दौरान उनकी नजर एक ऐसी कार पर पड़ी, जिस पर अस्थायी नंबर प्लेट के साथ गैर-अधिकृत लाल-नीली बत्ती लगी हुई थी। कार में दो युवक सवार थे। डी.सी.पी. ने कार चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने की बजाय तेज रफ्तार से भगा ली और मार्केट के आसपास के रिहायशी इलाकों में चक्कर लगाने लगा।

मामले को गंभीरता से लेते हुए डी.सी.पी. अमरिंदर सिंह ने कार का पीछा किया। करीब 5 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद सेक्टर-15 के पास कार को रुकवा लिया गया। इसके बाद डी.सी.पी. ने तुरंत सिटी ट्रैफिक थाना प्रभारी को मौके पर बुलाया।

ट्रैफिक नियमों के विभिन्न उल्लंघनों की जांच करने के बाद कार चालक का 30 हजार रुपये का चालान किया गया। इसके साथ ही कार को मौके पर ही जब्त कर थाना सेक्टर-14 में खड़ा करवा दिया गया।

#पंचकूला की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस सख्त