पंचकूला वार्ड-13 में ड्रेनेज पाइपलाइन का काम शुरू, जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत

पंचकूला, 6 अक्टूबर (सुरिंदर गोयल)- वार्ड नंबर 13 में मकान नंबर 2104 से 2144 तक ड्रेनेज पाइपलाइन बिछाने के कार्य का शुभारंभ पार्षद दीपक गर्ग ने नारियल फोड़कर किया। नगर निगम की ओर से इस कार्य को करीब छह महीने पहले मंजूरी दी गई थी।

इस मौके पर पार्षद दीपक गर्ग ने कहा कि ड्रेनेज पाइपलाइन का काम शुरू होने से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही जल निकासी और जलभराव की समस्या का जल्द समाधान होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछने के बाद लोगों को बरसात के दौरान होने वाले जलभराव से काफी राहत मिलेगी।

दीपक गर्ग ने कहा कि वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करवाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

ड्रेनेज पाइपलाइन के कार्य के शुभारंभ के अवसर पर RWA के वेद पाल राणा, बी.एस. सिंधु, गुरमीत यादव, महिंद्र बेनीवाल, जनरल सेक्टर रविंद्र पाठक, सुरेश कोच सहित अन्य पदाधिकारी और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

#Panchkula Drainage Pipeline
# Ward 13 Panchkula
# Deepak Garg
# जलभराव समस्या
# पंचकूला नगर निगम