गुरुग्राम बना नमो क्रिकेट लीग का विजेता, नशे के खिलाफ दिया जागरूकता का संदेश
पंचकूला, 5 अक्टूबर (सुरेंद्र गोयल)- ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम में चल रही नमो क्रिकेट लीग का रविवार को भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुग्राम की टीम ने खिताब अपने नाम किया। वहीं हिसार की टीम उपविजेता रही। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी की ओर से आयोजित इस क्रिकेट लीग में खेल के रोमांच के साथ युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया गया।
ग्रैंड फिनाले समारोह में केंद्रीय विद्युत एवं आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। तरुण भंडारी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
गुरुग्राम और हिसार के बीच हुआ फाइनल मुकाबला
नमो क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला गुरुग्राम और हिसार की टीमों के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुरुग्राम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 105 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिसार की टीम ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन वह लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। गुरुग्राम ने मुकाबला जीतकर नमो क्रिकेट लीग की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल ने विजेता गुरुग्राम की टीम को 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता हिसार की टीम को 11 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। तीसरे स्थान पर रही जालंधर की टीम को 5 लाख रुपये, जबकि चौथे स्थान पर रही कुरुक्षेत्र की टीम को 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी मिला सम्मान
लीग के दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान क्रिकेट के रोमांच के साथ युवाओं को खेलों से जुड़ने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
ये गणमान्य लोग रहे मौजूद
समापन समारोह में हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायक मनमोहन भड़ाना, मेयर श्याम लाल बंसल, मुख्यमंत्री के ओएसडी बीबी भारती, भोपाल खदरी, भजन गायक कन्हैया मित्तल, द ग्रेट खली, कुनाल कुमार, एमप्रो मिसेज औलख, नरेश मित्तल सांवरिया, पवन सोलंकी, नमो क्रिकेट लीग के मीडिया कोऑर्डिनेटर संजीव सूद, रामनिवास गर्ग, रंजीता मेहता, मुकेश सिंगला, ऋषिपाल, राकेश जागोता, अनुराधा पुरी, राकेश गर्ग बिट्टू और दीपक गर्ग सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

