नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान में पार्षद दीपक गर्ग ने युवाओं को दिलाया नशे से दूर रहने का संकल्प
ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित हुआ ‘वॉक फॉर नशा मुक्त युवा’ कार्यक्रम
पंचकूला, 5 अक्टूबर (सुरेंद्र गोयल)- ताऊ देवी लाल स्टेडियम, पंचकूला में रविवार को ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान के तहत ‘वॉक फॉर नशा मुक्त युवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम पंचकूला के वार्ड नंबर 13 के पार्षद दीपक गर्ग ने शिरकत की और युवाओं को नशे से दूर रहने के साथ स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर पंचकूला के मेयर श्याम लाल बंसल, सभी पार्षदों सहित बड़ी संख्या में युवा और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
युवा देश की सबसे बड़ी ताकत : दीपक गर्ग
पार्षद दीपक गर्ग ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि युवा नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ें, तो वे भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता किसी एक दिन तक सीमित रहने वाला अभियान नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर नशे के खिलाफ जागरूकता फैलानी होगी।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
दीपक गर्ग ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि “नशा मुक्त युवा ही मजबूत समाज और विकसित भारत की नींव है।”
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने स्वस्थ, नशा मुक्त और सशक्त भारत के निर्माण का संदेश दिया। ‘वॉक फॉर नशा मुक्त युवा’ के माध्यम से लोगों को नशे के खिलाफ एकजुट होने और युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

