‘रिजीम चेंज’ पर राहुल गांधी की सोच पर भाजपा का तीखा हमला

सोलन, 18 अक्टूबर (मनीष शारदा) - भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र ने ‘रिजीम चेंज' को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस की राजनीतिक सोच पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि *भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहां सरकारें संविधान और जनता के मताधिकार से बनती और बदलती हैं। सत्ता परिवर्तन का रास्ता लोकतांत्रिक प्रक्रिया से होकर गुजरता है, न कि देश में अस्थिरता पैदा करने वाली गतिविधियों से। 

शैलेंद्र ने कहा कि राहुल गांधी की ‘रिजीम चेंज’ संबंधी बातों में उनकी दादी इंदिरा गांधी के समय वाली आपातकालीन मानसिकता की झलक नजर आती है। जिस कांग्रेस ने 1975 में देश पर आपातकाल थोपकर लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया था, आज उसी पार्टी के नेता लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं। कांग्रेस को दूसरों को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने से पहले अपने इतिहास में झांकना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि भारत न तो बांग्लादेश है और न ही नेपाल। भारत का संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाएं और जागरूक जनता देश की स्थिरता एवं संप्रभुता के मजबूत आधार हैं। भारत की राजनीतिक दिशा का फैसला देश की जनता करती है, कोई नेता या बाहरी ताकत नहीं।

शैलेंद्र ने कहा कि राहुल गांधी की इस तरह की मानसिकता से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अस्थिरता फैलाने वाली ताकतों के साथ उनके कथित संबंधों और राजनीतिक संपर्कों को लेकर सवाल खड़े होते हैं। 

राहुल गांधी को देश की जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए कि ‘रिजीम चेंज’ से उनका वास्तविक आशय क्या है और वे किस प्रकार के बदलाव की बात कर रहे हैं। लोकतंत्र में सरकार की आलोचना और शांतिपूर्ण विरोध हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन देश की संवैधानिक व्यवस्था और राष्ट्रीय हितों के प्रति जिम्मेदारी भी उतनी ही जरूरी है।

उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि दादी ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को दबाने का रास्ता चुना था और आज राहुल गांधी की बातों में उसी मानसिकता की झलक दिखाई दे रही है। राहुल गांधी यह गलतफहमी छोड़ दें कि भारत में अस्थिरता पैदा करके सत्ता परिवर्तन का रास्ता बनाया जा सकता है। भारत की जनता अपने मताधिकार से सरकार चुनती है और देश का भविष्य भी वही तय करेगी।

उन्होंने कहा कि भारत को बांग्लादेश या नेपाल जैसी राजनीतिक अस्थिरता के उदाहरणों से जोड़कर देखने की सोच उचित नहीं है। भारत का संविधान और देश की जनता किसी भी अलोकतांत्रिक प्रयास को स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस को यह समझना होगा कि भारत का लोकतंत्र किसी परिवार की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं से नहीं, बल्कि संविधान और जनता की शक्ति से चलता है।

#राहुल गांधी
# भाजपा