राउंड-ट्रिप बुकिंग पर मिलेगी विशेष रियायती दर, वापसी ट्रिप में 50 प्रतिशत की छूट

 

फिरोजपुर, 23 अक्टूबर (राकेश चावला) पार्सल और कार्गो परिवहन को अधिक किफायती, सुगम और उद्योग-अनुकूल बनाने के लिए रेलवे बोर्ड द्वारा फ्रेट मार्केटिंग सर्कुलर संख्या 26/2026 जारी किया गया है। जिसके तहत जॉइंट पार्सल प्रोडक्ट-रैपिड कार्गो सर्विस ट्रेनों में राउंड-ट्रिप (आने-जाने) की बुकिंग पर भाड़े में विशेष रियायत की सुविधा शुरू की गई है। इस सुविधा से फिरोजपुर मंडल के व्यापारी काफी लाभान्वित होंगे।
इस नई पॉलिसी के तहत, यदि कोई एग्रीगेटर, व्यापारी या लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाता जॉइंट पार्सल प्रोडक्ट-रैपिड कार्गो सर्विस ट्रेनों के माध्यम से दोनों दिशाओं के लिए पार्सल कोच की अग्रिम बुकिंग करता है, तो उसे राउंड-ट्रिप का कुल भाड़ा का केवल 1.5 गुना अर्थात् एक तरफ का पूरा भाड़ा और वापसी की ट्रिप पर 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। व्यापारियों की सुविधा के लिए बुकिंग और भुगतान की पूरी प्रक्रिया एक ही बार में होगी, जिससे समय की बचत होगी। यह योजना एक वर्ष के लिए पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू की गई है।

#राउंड-ट्रिप बुकिंग