राज्यपाल का आदेश
मैगी लोमड़ अपने गपोड़ेपन के लिए जानवरों में मशहूर था। जंगल के सभी जानवर उस की गप्पबाजी से परिचित थे, वह रोज ही कोई न कोई गप्प उन्हें आ कर सुनाता। जानवर भी मजा लेने के लिए उस की बातों में खूब रस लेते। यही कारण था कि मैगी की गप्पबाजी की आदत दिन ब दिन बढ़ती गई। एक दिन मैगी को बड़ी देर तक कुछ खाने को न मिला। भूख से परेशान वह भोजन की तलाश में शहर की ओर निकल गया। शहर के बाहर एक मुर्गी फार्म के आसपास किसी चूजे के शिकार की ताक में वह घूमने लगा। तभी फार्म के सुरक्षा अधिकारी टेसू कुत्ते की निगाह मैगी पर जा पड़ी। उसे मैगी के इरादे को भांपते देर न लगी।
झट टेसू मैगी की ओर बढ़ा। टेसू को आता देख मैगी भी भाग खड़ा हुआ। टेसू को आता देख वह इतना घबरा गया कि जंगल की ओर भागने की बजाए शहर की ओर भाग खड़ा हुआ। लेकिन शहर में घुसते ही उसे अपने छिपने का स्थान मिल गया। शहर के बीचों बीच स्थित प्राइमरी स्कूल के पिछवाड़े में जा कर वह छिप गया। टेसू उस के पीछे-पीछे ही आया लेकिन वह मैगी को छिपते न देख सका। थोड़ी देर इधर उधर खोज कर वह मुर्गी फार्म की ओर वापस चला गया। मैगी काफी देर तक वहीं छिपा रहा। जब उसे अच्छी तरह विश्वास हो गया कि टेसू चला गया है तब वहां से निकलकर जंगल की ओर भागा। मैगी जहां छिपा था, वहां बहुत सारे कागज फैले हुए थे। उन कागजों में से एक कागज मैगी की पूंछ में फंस गया। मैगी को अपनी पूंछ में लगे कागज का जरा भी पता न चला। वह तो अपनी जान बचाता हुआ जंगल की ओर भागा चला जा रहा था। टेसू के हाथों मरने से बच कर वह खुशी से फूला नहीं समा रहा था।
तभी उसे रास्ते में तीन लोमड़ मिल गए। मैगी को खुश देख कर एक लोमड़ बोल ही पड़ा, ‘अरे, मैगी भाई, आज बहुत खुश नज़र आ रहे हो, बात क्या है?’
‘खुशी की बात ही है, आज शहर से आ रहा हूं?’ इतना कह कर मैगी उनको बेवकूफ बनाने के लिए कोई गप्प सोचने लगा। तभी एक लोमड़ उस की पूंछ की ओर इशारा करते हुए बोला, ‘मैगी भाई, तुम्हारी पूंछ में यह क्या लगा हुआ है?’
मैगी ने अपनी पूंछ की ओर आश्चर्य से देखा और तभी उसे उन्हें बेवकूफ बनाने का एक उपाय सूझ गया। उसने मुस्कराते हुए कहा, ‘अच्छा, उस कागज के बारे में पूछ रहे हो। अरे भाई, वही पाकर तो आज मैं खुशी से फूला नहीं समा रहा हूं। वह कागज राज्यपाल ने दिया है। यह राज्यपाल का आदेश है। इस कागज को ले कर मैं कहीं भी बेरोकटोक आ जा सकता हूं। किसी भी जगह जाकर चैन से दावत उड़ा सकता हूं। किसी की मजाल जो मुझे रोके?
यद्यपि मैगी की आदत से ये तीनों लोमड़ भी परिचित थे, लेकिन मैगी उन्हें यह बात इस ढंग से कही कि उन्हें उस की बातों का विश्वास हो गया। एक लोमड़ ने आश्चर्य से पूछा, ‘मुर्गी फार्म में जाने से टेसू कुत्ता भी नहीं रोक सकता?’
‘अहूं, टेसू की क्या मजाल, भला वह राज्यपाल के आदेश के खिलाफ कुछ कर सकता है,’ मैगी शान से बोला।
‘फिर तो, भाई तुम बड़े भाग्यशाली हो, तुम छक कर दावत उड़ा कर आ रहे होगे पर यहां तो भूख के मारे दम निकल रहा है। यदि तुम चाहो तो मुर्गी फार्म से हम लोगों के लिए चूजे ला सकते हो,’ एक लोमड़ चापलूसी के लहजे में बोला और दोनों लोमड़ों ने भी उस की हां में हां मिलाई।
‘ला तो सकता हूं लेकिन मैं ने दावत इतनी कस कर उड़ाई कि मेरा पेट फटा जा रहा है। अब मेरे लिए मुर्गी फार्म तक जाना संभव न होगा। फिर किसी दिन चलूंगा तो तुम लोगों की जम कर दावत करूंगा,’ मैगी ने टालने की गरज से कहा।
‘यहां भूख के मारे मरे जा रहे है और तुम हो कि कभी और दिन दावत की बात कर रहे हो। यदि आज कुछ खाने को न मिला तो कल तुम्हारी दावत खाने को कौन बचा रहेगा। बस हमारी जान तुम्हारे हाथों में है’, एक लोमड़ बेचैन होकर बाला।
अब तो मैगी बुरी तरह फंस गया।
‘यदि नहीं जाता हूं तो ये गप्प समझेंगे। फिर और जानवरों पर इस कागज का रोब कैसे डाल पाऊंगा। यदि जाता हूं तो टेसू जिंदा न छोड़ेगा’, मैगी ने सोचा। उस ने मन ही मन सोचा, ‘इन्हें तो मुर्गी फार्म के बाहर ही छोड़ दूंगा। इन से कह दूंगा कि आज्ञा केवल मेरे लिए है और यदि टेसू से बच कर 3 चूजे भी लाने में सफल हो गया तो इन पर रोब पड़ने के साथ-साथ सभी जानवरों पर रोब पड़ जाएगा और यदि न ला पाया तो कह दूंगा कि मुर्गी फार्म आज बंद है।
यह सोचते ही वह उन लोमड़ों से बोला, ‘चलो, चलते हैं लेकिन तुम लोगों को फार्म में नहीं ले चलूंगा क्योंकि आज्ञा केवल मेरे लिए है। तुम लोगों को देख कर टेसू तुम्हें जिंदा न छोड़ेगा। तुम लोग फार्म से हट कर रहनाए मैं चूजे ले कर आ जाऊंगा।’ तीनों लोमड़ तैयार हो गए। वे चारों मुर्गी फार्म की ओर चल पड़े। तीनों लोमडों को बारह छोड़ कर मैगी मुर्गी फार्म में घुस गया। घुसने से पहले उसने अच्छी तरह देख लिया कि टेसू दिखाई नहीं दे रहा है।
अब वह शान से चूजों की ओर बढ़ने लगा। इस तरह शान से चलते देख मैगी के साथियों को उस की बातों पर विश्वास हो चला था। तभी उन्होंने देखा कि चूजों की तरफ से आ कर टेसू मैगी की तरफ झपटा। इस अचानक प्रहार से मैगी घबरा गया। वह वहां से भाग खड़ा हुआ। मैगी को भागते देख तीनों लोमड़ भी जंगल की ओर भाग खड़े हुए।
मैगी टेसू से बचने के लिए बुरी तरह भाग रहा था। भागते समय फार्म के कंटीले तारों से उसका शरीर लहूलुहान हो गया था लेकिन वह टेसू से बच कर जंगल की तरफ भाग सकने में सफल रहा।
जंगल में घुसते ही उसे तीनों लोमड़ मिल गए।
उनमें से एक बोला, ‘अरे, आप तो बुरी तरह घायल हो गए हैं। ऐसा हुआ कैसे? आप के पास तो राज्यपाल का आदेश था।
मैगी क्या बोलता? लेकिन अपनी आदत के अनुसार वह बोला, ‘हां, जब जाहिलों से पाला पड़ता है तो ऐसे ही होता है। मुझे क्या पता था कि टेसू गंवार है। पढ़ा लिखा नहीं है? और इसलिए वह राज्यपाल का आदेश न पढ़ सका।
इस तरह कह कर उस समय तो उस ने अपने साथियों को एक बार फिर बेवकूफ बना लिया लेकिन उस दिन के बाद से किसी ने मैगी लोमड़ को गप्प मारते न सुना। जंगल के जानवर गप्पी मैगी के इस तरह बदल जाने का रहस्य समझ नहीं पा रहे थे। (उर्वशी)



