क्या बैंगन में कोई गुण नहीं होता ?

‘दीदी, मेरा एक दोस्त बैंगन बिल्कुल नहीं खाता।’
‘क्यों? उसे यह सब्ज़ी अच्छी नहीं लगती क्या?’
‘उसका कहना है कि बैंगन एकमात्र सब्ज़ी है, जिसमें कोई गुण नहीं है यानी उससे सेहत को कोई फायदा नहीं पहुंचता है।’
‘नहीं, यह बात सही नहीं है। उसे सही जानकारी नहीं है।’
‘तो आपका कहना है कि बैंगन खाना भी फायदेमंद है।’
‘हां।’
‘कैसे? ज़रा विस्तार से बताएं।’
‘शायद बैंगन ही एकमात्र सब्ज़ी है, जो पूरे भारत में खायी जाती है। अगर उत्तर में बैंगन का भर्ता पसंद किया जाता है, तो दक्षिण में विशेषकर हैदराबाद में, भरवां बैंगन हर थाली का हिस्सा होता है। यह सही है कि बैंगन में कैलोरी और कार्बोहाइड्रेट कम होते हैं, लेकिन इस वजह से मधुमेह रोगी भी इसे संतुलित आहार का हिस्सा बना सकते हैं।’
‘बैंगन में और क्या गुण होते हैं?’
‘बैंगन में फाइबर के साथ पोटेशियम व मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स भी होते हैं। फाइबर पाचन और कार्बोहाइड्रेट के अवशोषण को धीमा करने में मदद करता है, जिससे ब्लड शुगर बढ़ने की प्रक्रिया धीमी होने लगती है।’
‘ओके।’
‘यही नहीं, बैंगन के छिलके और गूदे में डेल़्फीनिडिन और क्लोरोजेनिक एसिड जैसे प्लांट कंपाउंड्स पाये जाते हैं। इनमें एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो बैंगन के सम्भावित फायदों में इज़ाफा करते हैं।’
‘क्या विज्ञान ने ये सब गुण साबित किये हैं?’
‘लैब स्टडीज में बैंगन के कुछ कंपाउंड्स ऐसे एंजाइम्स की गतिविधि धीमी करते दिखे हैं, जो स्टार्च को शुगर में तोड़ते हैं। लेकिन इंसानों में इसका असर अभी साबित नहीं हुआ है। ध्यान रहे कि हाई ब्लड शुगर से कोशिकाओं पर ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ सकता है। जानवरों पर हुई स्टडीज में बैंगन के एंटीऑक्सीडेंट्स से इस तनाव में कमी के संकेत मिले हैं, लेकिन इंसानों में इसके फायदे अभी स्पष्ट नहीं हैं।’
‘इसका मतलब यह हुआ कि बैंगन के कुछ गुणों का इंसानों पर क्या प्रभाव पड़ेगा, उस से संबंधित प्रयोग जारी हैं।’
‘हां, अभी प्रयोगों के नतीजे आने शेष हैं।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#क्या बैंगन में कोई गुण नहीं होता ?