शताब्दी वर्ष में राही मासूम रज़ा की आवारा यादें
‘सीमा के उल्लंघन में ही सीमा की मर्यादा है।’ डॉ. राही मासूम रज़ा के रचना संसार को समझने के लिए प्रेमचंद की यह पंक्ति पर्याप्त है। रज़ा जहां एक तरफ यह कहते हैं- ‘ए आवारा यादों फिर ये फुर्सत के लम्हात कहां/हमने तो सहरा में बसर की तुमने गुज़ारी रात कहां?’ वहीं समाज की त्रासदी पर ‘गंगा और महादेव’ कविता में कहते हैं- ‘मेरा नाम मुसलमानों जैसा है/मुझको कत्ल करो और मेरे घर में आग लगा दो/मेरे उस कमरे को लूटो जिसमें मेरी बयाजें जाग रही हैं/और मैं जिसमें तुलसी की रामायण से सरगोशी करके/कालिदास के मेघदूत से ये कहता हूं/मेरा भी एक संदेश है। मेरा नाम मुसलमानों जैसा है/कत्ल करो और मेरे घर में आग लगा दो/लेकिन मेरी रग-रग में गंगा का पानी दौड़ रहा है/मेरे लहू से चुल्लू भर महादेव के मुंह पर फेंको/और उस योगी से कह दो- महादेव/अब इस गंगा को वापस ले लो/ये ज़लील तुर्कों के बदन में गाढ़ा गरम/लहू बनकर दौड़ रही है।’
‘हम तो हैं परदेस में देस में निकला होगा चांद’ में परदेस से देश की चिंता और ‘कालिदास के मेघदूत’ से महादेव को संदेश पहुंचाना और साथ ही जीवन में साम्यवादी आदर्शों को अपनाने वाले डा. राही मासूम रज़ा एक ऐसे रचनाकार रहे हैं जिन्होंने साहित्य की हर विधा में अपनी अमिट छाप छोड़ी है- चाहे उपन्यास से लेकर कविता हो या ़गज़ल से लेकर फिल्म संवाद। राही का जन्म एक अगस्त 1927 को गाज़ीपुर के गांव गंगोली में हुआ था, जिसके पास से गंगा नदी बहती है। इसलिए वह खुद को गंगा पुत्र कहते थे। यह उनका शताब्दी वर्ष है, जिसमें माटी ट्रस्ट देशभर में उनसे संबंधित 100 कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाये हुए है, जिनकी शुरुआत 1 अगस्त 2026 को नई दिल्ली से शुरू हुई है। ‘आधा गांव’ व ‘टोपी शुक्ला’ जैसे सफल व यादगार उपन्यासों के रचयिता राही को अपनी फिल्म पटकथाओं व संवाद लेखन से अधिक शुहरत मिली।
‘मैं समय हूं...’ पौराणिक महाकाव्य, महाभारत पर बने कालजयी धारावाहिक ‘महाभारत’ के इस डायलाग को कौन भूल सकता है। लेकिन यह डायलाग शायद कभी न लिखा जाता क्योंकि इसके रचयिता ने इस धारावाहिक को लिखने से मना कर दिया था। निर्माता बी.आर. चोपड़ा ‘महाभारत’ की पटकथा व डायलाग लिखवाने के लिए डा. राही मासूम रज़ा के पास गये थे, लेकिन अपनी अत्यधिक व्यस्तता के चलते राही ने उनके साथ काम करने से इंकार कर दिया था। चोपड़ा कुशल निर्माता निर्देशक थे, इसलिए अच्छी तरह से जानते थे कि किस आदमी से कैसे काम निकलवाया जा सकता है। इस अदा में उनका अपना पत्रकारिता का अनुभव भी ख़ूब काम आता था। उन्होंने एक तरकीब निकाली। प्रेस कांफ्रैंस का आयोजन करके घोषणा कर दी कि ‘महाभारत’ को डा. राही मासूम रज़ा लिख रहे हैं। फिर क्या था, चोपड़ा के पास देशभर से पत्रों का अम्बार लग गया, जिनका सार था- ‘सारे हिन्दू मर गये हैं क्या, जो आप एक मुस्लिम से महाभारत लिखवा रहे हैं।’
चोपड़ा ने इन सभी पत्रों को एकत्र किया और राही के घर जाकर उनकी मेज़ पर पटक दिया। राही की इस कमज़ोर नस को चोपड़ा ख़ूब समझते थे कि वह भारतीय संस्कृति व सभ्यता के बड़े पैरोकार हैं और इस संदर्भ में अपने से बड़ा ज्ञानी किसी को नहीं समझते हैं। पत्र पढ़ते ही राही भड़क गये और बोले, ‘चोपड़ा साहब, महाभारत तो अब मैं ही लिखूंगा। मैं गंगा का बेटा हूं... मुझसे ज़्यादा भारत की संस्कृति व सभ्यता को कौन जानता है।’ चोपड़ा का तीर निशाने पर लगा। राही ने अपने कलम से जादू कर दिया और अतीत को वर्तमान से ऐसा जोड़ा कि ‘महाभारत’ धारावाहिक की सफलता के असल नायक ख़ुद ही बन गये।
राही हमेशा से ही विद्रोही तेवर के थे। 1975 में जब देश में इमरजेंसी लगी तो कुछ अपवादों को छोड़कर सारे पत्रकार व लेखक उस समय की सरकार की जी हुजूरी में लग गये थे। फिल्म राइटर्स एसोसिएशन पर भी इमरजेंसी के पक्ष में प्रस्ताव पारित करने का दबाव था। राही अकेले फिल्मी लेखक थे, जिन्होंने इस प्रस्ताव का विरोध किया और उसके मानने से साफ इंकार कर दिया। जो अन्य लेखक प्रस्ताव से सहमत नहीं थे, वह या तो खामोश रहे या बैठक से ़गैर-हाज़िर। राही को भी सुझाव दिया गया कि वह बैठक से वाक आउट कर जाएं ताकि प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ दिखाया जा सके। लेकिन राही ने ज़ोर दिया कि उनके विरोध को बाकायदा दर्ज किया जाये। राही पर गिरफ्तारी का खतरा बढ़ गया था, लेकिन न जाने क्यों पुलिस उनके दरवाज़े पर कभी नहीं आयी। राही का विद्रोही स्वभाव तो ऐसा था कि उन्होंने अपने पिता बशीर हसन आब्दी के विरुद्ध ही चुनाव प्रचार किया; क्योंकि वह कांग्रेस के टिकट पर थे और वामपंथी होने के कारण राही कामरेड पब्बर राम का समर्थन कर रहे थे। राही ने अपना सामान उठाया और कम्युनिस्ट पार्टी के ऑफिस में रहने चले गये। भूमिहीन पब्बर राम ने ज़िले के सबसे मशहूर वकील को भारी मतों से पराजित कर दिया था।
राही जब वह 11 वर्ष के थे, तो उन्हें टीबी हो गई थी, जिसका उस ज़माने में कोई खास इलाज न था। इसलिए स्वच्छ हवा के लिए उनका अपने कमरे तक सीमित रहना मजबूरी थी। उस समय का राही ने सदुपयोग किया और घर में रखी सब किताबें पढ़ डालीं। राही की सेवा के लिए कल्लू काका नामक एक सेवक को रखा गया था, जो उन्हें कहानियां सुनाया करते थे। राही ने एक इंटरव्यू में बताया कि अगर कल्लू काका न होते तो वह शायद कोई कहानी या उपन्यास न लिख पाते। राही को पढ़ाने के लिए मौलवी मुनव्वर को रखा गया था, जो पढ़ाते कम व पीटते ज्यादा थे। इस पिटाई से बचने के लिए राही अपना जेब खर्च मौलवी मुनव्वर को दे देते थे। इससे राही को पैसा तुरंत खर्च करने की आदत पड़ गई- ‘मैं डरता हूं कि अगर पैसा खर्च न किया गया तो मौलवी साहब झपट लेंगे।’
राही की एक टांग में पोलियो का असर था। इसलिए वह थोड़ा लंगड़ाकर चलते थे। नफीस उर्दू और अच्छी भोजपुरी बोलने वाले राही की खास अदा थी कि वह घर में कुर्ता पायजामा पहनते, लेकिन घर से बाहर कदम रखने पर हमेशा क्रीम कलर की शेरवानी, अलीगढ़ कट पायजामा व काला चश्मा में निकलते। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने के कारण उन्होंने यह वेशभूषा अपनायी हुई थी। सैंकड़ों कहानियां, दर्जनों उपन्यास लिखने व 300 से अधिक फिल्मों में अपनी कलम से योगदान देने वाले राही एक साथ कई पटकथाओं पर काम करते थे। शायर मजाज़ के बाद राही अलीगढ़ विश्वविद्यालय की सबसे लोकप्रिय शख्सियत रहे, विशेषकर लड़कियों में। इन्हीं लड़कियों में एक नय्यरा भी थीं, जिनसे राही ने शादी की। हालांकि राही का उपन्यास ‘आधा गांव’ अधिक चर्चित है, लेकिन वह शायरी भी करते थे और उनकी एक मशहूर नज़्म है- ‘ज़हर मिलता रहा/ज़हर पीते रहे/ज़िंदगी भी हमें आज़माती रही/और हम भी उसे आज़माते रहे/हम क्या जानें किस्सा क्या था/हम ठहरे दीवाने लोग।’ तीन मांओं- ऩफीसा बेगम, अलीगढ़ विश्वविद्यालय व गंगा- के बेटे राही का 15 मार्च 1992 को मुंबई में निधन हो गया।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर



