छठ पूजा में छिपा भारतीय जीवन-दर्शन

सूर्य डूब रहा है। नदी के जल में उसकी लालिमा धीरे-धीरे घुल रही है। घाट पर खड़े श्रद्धालुओं के हाथ जुड़े हैं। बांस के सूप में फल, ठेकुआ, गन्ना और दीप सजे हैं। लोकगीतों की स्वर-लहरियां वातावरण में तैर रही हैं। व्रती जल में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दे रहे हैं। यह दृश्य छठ का है- एक ऐसा लोकपर्व, जिसमें डूबते सूर्य के प्रति श्रद्धा का भाव भारतीय जीवन-दर्शन की एक गहरी परत खोलता है। सामान्यत: मनुष्य उगते सूर्य को आशा, ऊर्जा और नई शुरुआत का प्रतीक मानता है। सफलता की कहानिया भी प्राय: उन्हीं की होती हैं, जो शिखर पर पहुंचते हैं। लेकिन छठ की परंपरा हमें याद दिलाती है कि जीवन का सम्मान केवल उपलब्धियों, उत्कर्ष और उन्नति तक सीमित नहीं होना चाहिए। अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देना मानो यह स्वीकार करना है कि अवसान भी जीवन की स्वाभाविक प्रक्त्रिया है और उसका भी अपना गौरव है।
अस्त में भी आस्था
छठ पर्व की सबसे विशिष्ट विशेषताओं में से एक है संध्या अर्घ्य। व्रती पहले डूबते सूर्य को और अगले दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। इस क्रम में एक सहज लेकिन अर्थपूर्ण संदेश छिपा है- जीवन में आरंभ और अंत, दोनों के प्रति सम्मान का भाव होना चाहिए। छठ का सांस्कृतिक संदेश है कि सम्मान का आधार केवल सफलता नहीं बल्कि जीवन की सम्पूर्ण यात्रा होनी चाहिए।
प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व
छठ सूर्योपासना का पर्व है, लेकिन इसका संबंध केवल सूर्य तक सीमित नहीं है। इसमें नदियों, तालाबों, जल, मिट्टी, फलों, वनस्पतियों और कृषि उपज की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। बांस का सूप, गन्ना, मौसमी फल और घरों में तैयार किया गया ठेकुआ इस पर्व को ग्रामीण जीवन और प्रकृति के साथ जोड़ते हैं। इस परंपरा में प्रकृति केवल उपभोग की वस्तु नहीं बल्कि जीवन की आधारशिला है। सूर्य के प्रकाश से फसलें पनपती हैं, जल से जीवन चलता है और धरती अन्न उपजाती है। छठ इन सभी प्राकृतिक संसाधनों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर बनता है। 
आज जब जलवायु परिवर्तन, नदियों का प्रदूषण और जलस्रोतों का क्षरण गंभीर चुनौतियां हैं, तब छठ की प्रकृति-केंद्रित चेतना को नए अर्थों में समझने की ज़रूरत है। सूर्य की उपासना के साथ यदि नदियों को स्वच्छ रखने, जल का संरक्षण करने और प्लास्टिक तथा अन्य प्रदूषकों से घाटों को मुक्त रखने का संकल्प भी जुड़ जाए, तो धार्मिक आस्था पर्यावरण संरक्षण की प्रभावी प्रेरणा बन सकती है। 
सामूहिकता की संस्कृति
छठ केवल पूजा का आयोजन नहीं है बल्कि अनुशासन, धैर्य और सामूहिक सहयोग की एक लंबी प्रक्रिया है। घरों की सफाई से लेकर प्रसाद बनाने, पूजा सामग्री जुटाने, घाटों की व्यवस्था करने और लोकगीत गाने तक, इसमें अनेक लोगों की भागीदारी होती है। व्रती कठिन नियमों का पालन करते हैं। परिवार के सदस्य और पड़ोसी सहयोग करते हैं। गांवों और शहरों में अनेक लोग घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य तैयारियों में जुटते हैं। इस तरह छठ व्यक्तिगत साधना को सामुदायिक उत्सव में बदल देता है। 
समानता और संवेदना का संदेश
छठ के घाट पर विभिन्न सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमियों के लोग एक साथ खड़े दिखाई देते हैं। सूर्य सबको समान रूप से प्रकाश देता है और जल सबकी प्यास बुझाता है। इस प्राकृतिक सत्य में सामाजिक समानता की एक सहज प्रेरणा निहित है। हालांकि समाज में असमानताएं पूरी तरह समाप्त नहीं हुई हैं, फिर भी ऐसे पर्व सामूहिकता और सहभागिता की संभावनाएं पैदा करते हैं। छठ के अवसर पर परिजनों का एकत्र होना, प्रवासी श्रमिकों का घर लौटने का प्रयास करना और पड़ोसियों का एक-दूसरे की सहायता करना सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाता है। इस पर्व की सार्थकता तभी और बढ़ेगी, जब घाटों पर दिखाई देने वाली सहभागिता दैनिक जीवन में भी सम्मान, सहयोग और संवेदना का रूप ले सके।
जीवन का संतुलन
छठ के दोनों अर्घ्य मिलकर एक संपूर्ण जीवन-दृष्टि प्रस्तुत करते हैं। उगता सूर्य आशा, संभावना और आरंभ का प्रतीक है, जबकि डूबता सूर्य अनुभव, पूर्णता और कृतज्ञता की याद दिलाता है। एक के बिना दूसरा अधूरा है। जीवन भी ऐसा ही है। हर सुबह नई संभावना लेकर आती है, लेकिन हर शाम हमें यह समझने का अवसर देती है कि हमने जो पाया, उसके लिए कितने लोगों, परिस्थितियों और प्राकृतिक संसाधनों के ऋणी हैं।       -इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#छठ पूजा में छिपा भारतीय जीवन-दर्शन