एशियाड की गोल्ड मेडलिस्ट प्रणवी शरथ

ऐसा प्रतीत होता है कि प्रणवी शरथ उर्स ने जहां पहले कोई न पहुंचा हो, वहां पहुंचने की आदत सी बना ली है। मैसूर की यह प्रोफेशनल गोल्फर वर्ष 2025 में पहली भारतीय महिला बनी, जिसने पुरुष गोल्फरों के विरुद्ध मुकाबला करते हुए ओपन-फील्ड प्रोफेशनल टूर्नामेंट जीता जब मुंबई में वह आईजीपीएल में विजयी हुईं। फिर कुछ दिन पहले उन्होंने जापान में कमाल कर दिया, एशियन गेम्स का व्यक्तिगत गोल्ड मैडल हासिल करके और यह कारनामा करने वाली भी वह पहली भारतीय महिला बनी थीं। प्रणवी बताती हैं, ‘मुझे हर चीज़ में पहला कदम रखना पसंद है। मैं खुद को ऐसी स्थिति में डालने के रास्ते तलाश कर लेती हूं कि वहां जाऊं जहां मुझसे पहले कोई न गया हो।’ वह निरंतर नये मैदानों में जाने का प्रयास करती हैं और एशियन गेम्स गोल्ड एक अन्य अवसर था खुद को आज़माने का।
अंतिम चक्र में उन्होंने तीन-शॉट की बढ़त के साथ प्रवेश किया था, जो तीसरे पर ट्रिपल बोगी के कारण लुप्त हो गई, लेकिन तीन वर्ष पहले हांगझोऊ के विपरीत, प्रणवी जानती थीं कि उच्च-दबाव स्थिति का कैसे मुकाबला किया जाता है। इससे भी महत्वपूर्ण यह था कि उन्होंने इसकी तैयारी की हुई थी। अंतिम चक्र से पहली वाली रात को प्रणवी व उनके मनोचिकित्सक ने अलग-अलग स्थितियों की कल्पना की थी, जिसमें यह भी था कि अगर कहीं चूक हो जाये तो क्या होगा। जब ट्रिपल बोगी हुई तो उन्होंने स्थिति को पहचाना और ख़ुद को याद दिलाया कि वह सबसे निचले पायदान पर पहुंच गई हैं। वह बताती हैं, ‘मेरा हाल कुछ ऐसा था कि अब कुछ खोने को तो है नहीं, तुम रॉक बॉटम पर हो। जो सबसे बुरा हो सकता था, वह तो हो गया, अब इससे बुरा तो होना नहीं।’ इस तैयारी की वजह से वह नतीजे की बजाय प्रक्रिया की ओर लौटीं। अंतिम होल पर भी, जब गोल्ड स्पर्श किये जाने वाले फासले पर था, वह यह सुनिश्चित करने के बारे में सोच रही थीं कि वह पदक जीतने की बजाय उसे हासिल कर लें। 
जोश का एहसास करने पर उन्होंने अपने दूसरे शॉट के लिए सिक्स-आयरन की बजाय सेवेन-आयरन लिया और वह उस पल में इतनी अधिक डूबी हुई थीं कि उन्हें मालूम ही नहीं था कि अंतिम पट गोल्ड के लिए है। वह बताती हैं, ‘मुझे लगा कि वह पार के लिए है, जिससे शायद प्ले-ऑ़फ का रास्ता बन जाये। मुझे पता ही नहीं था कि मैंने जो अंतिम पट मारा था, वह जीत के लिए था।’ यही वजह थी कि उन्होंने जश्न नहीं मनाया। उन्हें मालूम ही नहीं था कि वह जीत गई हैं। बहरहाल, अब वह गोल्ड के महत्व को महसूस करने लगी हैं। इससे आगे के रास्ते की संभावनाएं भी खुल गई हैं। 
प्रणवी का अगला फर्स्ट लेडीज यूरोपियन टूर पर आ सकता है, जहां वह अपनी पहली जीत के लिए दस्तक देने का प्रयास करेंगी। उनका मानना है कि इसके लिए उनका गेम तैयार है और अब मामला सिर्फ संयम का है। उन्होंने बताया, ‘मैं कई बार जीत के बहुत करीब आयी। इससे मालूम होता है कि मेरे पास गेम है और अब सिर्फ समय की बात है।’ अगर घर की बात करें तो वह बचपन से ही विमेंस इंडियन ओपन जीतने का सपना देख रही हैं। अपने देश की मिट्टी पर जीत, अपने दर्शकों के सामने, किसी भी अन्य विजय की तुलना में विशेष होगी, ऐसा उनका मानना है। वैसे प्रणवी इन लक्ष्यों से भी आगे की सोच रही हैं। जब उनसे मालूम किया गया कि अगला ‘फर्स्ट’ क्या होगा, तो उनका जवाब था, ‘ओलंपिक पदक या मेजर जीतना।’ प्रणवी ने घरेलू व एशियाई स्तर पर तो कीर्तिमान स्थापित कर ही दिये हैं, इसलिए उनकी महत्वाकांक्षा एकदम स्पष्ट है- अगला पड़ाव भारत नहीं बल्कि खेल का वैश्विक अखाड़ा है। 
जो लोग गोल्फ नहीं खेलते हैं या उसके बारे में नहीं जानते हैं, उनको लगता है कि यह रईसों का खेल है, जबकि 23 वर्षीय प्रणवी का ऐसा मानना नहीं है। एशियन गेम्स में गोल्ड मैडल जीतने की वजह से भारतीय गोल्फ में उनका एक खास स्थान अवश्य हो गया है, लेकिन उनकी दिलचस्पी इस बात में अधिक है कि यह पदक भारत में गोल्फ के प्रति आकर्षण उत्पन्न कर सकता है। वह कहती हैं, ‘मैं समझती हूं कि इस समय गोल्फिंग संसार में कोई भी पदक भारत के लिए बहुत अच्छा होगा। पदक पुरुष जीते या महिला, उसके कारण गोल्फ के प्रति आकर्षण बढ़ेगा और ज़ाहिर है यही हम सबका लक्ष्य है कि गोल्फ का भारत में विकास हो और वह ग्लोबल हो जाये। मुझे लगता है कि भारत में गोल्फ वहां नहीं है, जहां उसे होना चाहिए था। पिछले कुछ वर्षों के दौरान ही इसमें दिलचस्पी बढ़नी शुरू हुई है।’
प्रणवी चाहती हैं कि भारत में महिला गोल्फ को भी महत्व दिया जाये, विशेषकर इसलिए कि इस समय भारतीय महिलाएं वैश्विक स्तर पर पुरुषों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। चार या पांच साल पहले एक या दो भारतीय लड़कियां ही लेडीज यूरोपियन टूर पर पूर्ण स्टेटस के साथ दिखायी देती थीं, इस समय पांच भारतीय लड़कियां हैं।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#एशियाड की गोल्ड मेडलिस्ट प्रणवी शरथ