भविष्य में एक्वाकल्चरल में है शानदार कॅरियर

साल 2026 में मानसून असंतुलित रहा है। कहीं उम्मीद से कम बारिश हुई है और कहीं पर हर साल के मुकाबले भी 10 से 15 प्रतिशत बारिश ज्यादा हुई है। हैरानी की बात तो यह है कि जिन प्रांतों में कम बारिश हुई है, वहां भी बाढ़ ने पिछले कई सालों की तरह इस साल भी खूब तांड़व मचाया है। इससे साफ है कि देश में पीने और सिंचाई के लिए पानी की कमी तो है ही, पानी का एक बेहतर प्रबंधन भी नहीं है। इस कारण देश में पानी से जुड़े कॅरियर नि:संदेह भविष्यगामी हैं। इसी संदर्भ में एक्वाकल्चर की डिमांड बढ़ रही है। दरअसल देश और दुनिया की बढ़ती जनसंख्या के भोजन का भविष्य समुद्र से हासिल सी-फूड ही है, जिसमें मछलियों का खास स्थान है। 
इसलिए कॅरियर के रूप में एक्वाकल्चर में बहुत संभावनाएं हैं। प्राकृतिक रूप से जो चीजें पानी में रहती हैं जैसे श्रिम्प, मछली, कैटलफिश, लोबस्टर आदि के पालन को एक्वाकल्चर कहते हैं। इसमें वे समुद्री उत्पाद भी शामिल हैं, जो खाने में, उद्योगों में और दवाइयों में काम आते हैं। भारत का समुद्री तट 7500 किलोमीटर लंबा है, देश के अंदर भी पानी का सिस्टम व्यापक है और प्राकृतिक संसाधनों में भी हम मालामाल हैं। इसलिए अंतर्राष्ट्रीय बाजार में प्रमुख सी-फूड सप्लायर बनने की भारत में जबदस्त क्षमता है। अर्थव्यवस्था के खुलने और औद्योगिक नीति के उदार होने से भी कृषि क्षेत्र तेजी से विकास हो रहा है, जो कि पारंपरिक मछुआरों को रोज़गार प्रदान कर रही है। कॉमर्शियल फिशिंग कई प्रकार से होती है। शुरुआत छोटी नावों से की जा सकती है, जिसमें मशीन कम या बिल्कुल नहीं लगती। स्थानीय और परंपरागत मछुआरे इसी का ही प्रयोग करते हैं। फिर बड़े पैमाने के जहाज आते हैं जिनसे गहरे समुद्र में मछली पकड़ी जाती है। सी-फूड की मांग निरंतर बढ़ती जा रही है। मछलियों की कई किस्में और दूसरे सी-फूड को आसानी से तैयार किया जा सकता है। इस वजह से भारत के पूर्वी तट पर बहुत सारे सी-ब्रीडिंग फार्म खोले गये हैं। समुद्र में ट्रोलर्स के जरिए फिशिंग, समुद्री उत्पादों का प्रिजर्वेशन और मार्केटिंग के लिए कई किस्म के ट्रेंड (कुशल) व्यक्तियों की आवश्यकता पड़ती है।
इस क्षेत्र में काम करने वाले लोग मछली पालन फार्मों के विकास और उनकी निगरानी के लिए काम करते हैं साथ ही शोध केन्द्रों पर भी काम करते हैं। फिश बायोलॉजिस्ट नदी व तालाबों का सर्वे करते हैं, मछली की तादाद का पता लगाते हैं, उन्हें रोगों से बचाते हैं और पानी को प्रदूषित नहीं होने देते। विशेषज्ञ फिश प्रिजर्वेशन, फ्रीजिंग और केनिंग करते हैं। यह तटीय और अन्य फैक्ट्रियों में की जाती है। फिशरी एक्सपर्ट घरेलू और निर्यात मार्केट को देखते हैं तथा समुद्री जीवन के रिसर्च और प्रिजर्वेशन को भी संभालते हैं। तटीय क्षेत्रों में प्रोन और श्रिम्प फॉर्मिंग बड़े पैमाने पर शुरू हो गयी है बतौर निर्यात उद्योग के। इसके विकास की बहुत अधिक संभावनाएं हैं।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने विभिन्न शोध संगठनों और विश्वविद्यालयों के जरिए अनेक शोध योजनाएं शुरू की हैं। उद्देश्य यह है कि मछली उत्पादन की गुणवत्ता और उत्पादन को बढ़ाया जाये ताकि इस क्षेत्र में रोज़गार के अवसर बढ़ें। फिशरी में पोस्ट ग्रेजुएट या पीएच.डी. के बतौर वैज्ञानिक या शोध अधिकारियों के काम कर सकते हैं। इससे मछली की किस्मों को बेहतर बनाने का शोध हो सकता है और प्रिजर्वेशन की उम्दा तकनीकें भी विकसित की जा सकती हैं। अगर आप पढ़ाने में दिलचस्पी रखते हैं तो किसी भी विश्वविद्यालय में, जिसमें फिशरी शिक्षा का विभाग हो, रोज़गार पा सकते हैं। फिशरी वर्कर मछली के अलावा अन्य जल जीवन को पकड़ते हैं, ब्रीड करते हैं और कल्टिवेट करते हैं। वह जाल बुनते हैं और अन्य यंत्र तैयार करते हैं। मछली पकड़ने की नावों को भी वह चलाते हैं। उन्हें बनाते हैं व दुरूस्त भी करते हैं। मछली को साफ करना, फ्रीज करना और उसे नमक लगाने का काम भी उन्हीं का है। फिर वह पकड़ी गयी मछलियों को थोक विक्रेताओं, बाजारों और निर्यात में लगे व्यापार घरानों तक ले जाते हैं। 
यद्यपि फिश ब्रीडिंग हमारे देश में नया उद्योग है, लेकिन इसमें अच्छे रोज़गार के भरपूर अवसर हैं। इसमें शोध, अध्यापन, प्रबंधन और व्यापार के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। जीव विज्ञान से 10़2 करने के बाद चार वर्ष की बी.एससी. डिग्री के भी इस क्षेत्र में विकल्प हैं। विभिन्न शार्ट टर्म कोर्स भी हैं जैसे हैचिंग प्रबंधन, फिश कल्चर, शार्क प्रोसेसिंग, फिश प्रोसेसिंग और फॉर्मिंग कोर्स हैं।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#भविष्य में एक्वाकल्चरल में है शानदार कॅरियर