उलझे धागे
‘पापा, मुझे कुछ कहना है।’ सौरभ ने नाश्ता करते पिता के पास कुर्सी खींच कर बैठते हुए कहा।
‘नाश्ता कर लो पहले।’ मोहन जी ने प्लेट उसकी और सरका दी। तो सौरभ प्लेट में अपने लिए नाश्ता निकालने लगा।
‘हां, बोलो... क्या कह रहे थे तुम?’
‘वो पापा... मैं कह रहा था, हमारे कमरे के साथ एक किचन बना दिया जाता तो हम लोग अपना खाना नीचे ही बना लेते।’ सौरभ की आंखें अपनी प्लेट पर ही थीं परन्तु पापा जी की आंखें उसके चेहरे पर अटक गईं और निवाला हाथ का हाथ ही में रह गया। उन्हें अपने कानों पर यकीन नहीं हुआ, जैसे उन्होंने कुछ गलत सुन लिया हो, हालांकि शिवानी ने उन्हें संकेतों में कई बार यह बात समझाने की कोशिश की थी परन्तु उन्होंने इसे हर बार शिवानी का वहम कहकर हंसी में उड़ा दिया। पापा को चुप देखकर सौरभ ने एक बार सिर उठाकर देखा परन्तु तुरन्त ही उसकी आंखें झुक गईं।
‘वो... दरअसल रंजना शहर की पढ़ी-लिखी लड़की है पापा’, वह अटक-अटक कर बोल रहा था, ‘उसे यह सब अच्छा नहीं लगता। वह अपना खाना बना लेगी। बस एक नौकर उसे दे दीजिये, एक मम्मी के पास रह जायेगा।’
‘हूं...।’ मोहन जी ने धीरे से कहा, ‘मुझे लगता था कि तुम्हारी मां का दिमाग खराब हो गया है, पर नहीं, वह ठीक ही कह रही थी। जब तुम मेरे सामने इतनी हिम्मत कर सकते हो तो शिवानी को तुमने क्या कहा होगा यह मैं अच्छी तरह समझ सकता हूं। पर मुझे यह जानने का अधिकार तो है न कि तुम अलग किस से होना चाह रहे हो? अपने पिता और मां से, अपने बहन और भाई से? और किस आधार पर?’ थोड़ा रुक कर फिर बोले, ‘ऐसा करो! कहीं नौकरी तलाश कर लो और चले जाओ अपनी बीवी को लेकर। यह घर तो मैंने अपने परिवार के लिए बनाया है।’
मोहन जी ने वाश बेसन पर हाथ धोते हुए उत्तर दिया। शिवानी उधर ही आ रही थी लेकिन उन दोनों की बात सुनकर वह रसोई के दरवाजे पर ही ठिठक कर रुक गई थी। पति को आधबीच बिना खाये उठते देखकर बोली, ‘अपने नाश्ता तो किया ही नहीं, फिर कोई न कोई आ जाएगा तो आप नाश्ता भी नहीं कर पायेंगे। कुछ खा तो लेते।’
‘मन नहीं कर रहा।’ और वे बाहर निकल गये थे।
सौरभ ने विवाह के बाद ही परिवार से अलग रहने के प्रयास शुरू कर दिए थे यह कहना थोड़ा गलत हो जाएगा। शुरू तो नई आई बहू ने किया पर माध्यम सौरभ ही था। शिवानी कई सालों से अपने गाँव के महिला मण्डल की अध्यक्ष थी और पंचायत की सदस्य भी थी। उनके पास अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आने-जाने वाले ग्रामीणों का सिलसिला भी बना ही रहता था। यह तो शिवानी की दिनचर्या का हिस्सा था परन्तु हर घर की तरह इस घर में पुरुष भी थे और वे भी अच्छी सामाजिक स्थिति वाले। लोग मिलने आयेंगे तो साधारण सत्कार के लिए चाय भी बनेगी ही, परन्तु धीरे-धीरे यही आगंतुकों के लिए बनने वाली चाय नई बहू ‘रंजना’ को बहुत ही भारी लगने लगी। यह स्थिति तब थी जबकि घर के काम के लिए घर में दो नौकर भी थे। घर में एक डॉक्टर किरायेदार भी था जो अक्सर ही चाय के समय उपस्थित रहता। कुल मिलाकर परिवार गहमागहमी वाला था।
दो बेटे और एक बेटी वाला भरापूरा खुशहाल परिवार था शिवानी का। पति मोहन जी भी समाज में अच्छी हैसियत रखते थे। बड़े बेटे सौरभ के विवाह के तुरन्त बाद ही घर की सारी शान्ति पर ग्रहण लग गया था।
मेहमानों के जाते ही रसोई का सारा काम रोमा ने अपनी इच्छा से ही सम्भाल लिया था पर नई बहू को तो अलग रहना था और मोहन जी इसके लिए बिल्कुल तैयार नहीं थे, इसीलिए किसी न किसी बात को लेकर रोज ही बखेड़ा खड़ा ही रहता। शिवानी को याद आया कि उस समय छोटा बेटा महेश और आरती भी पढ़ाई के लिए हॉस्टल में थे। सौरभ का दिमाग बस साधारण ही था। ऐसे में दिल्ली की लड़की उस पर हावी हो गई तो बड़ी बात भी नहीं थी। बात इतनी ही होती तो भी निभाई जाती परन्तु शिवानी के सत्ताइस वर्ष के वैवाहिक रिश्ते पर इसका असर पड़ने लगा। मोहन जी को लगता कि वह पराई बेटी को झेल नहीं पा रही है, जबकि होता यह था कि उन्हें पता ही नहीं चलता था कि घर में हुआ क्या है क्योंकि वे तो घर में नहीं रहते थे। सेब के बाग में रहते या दुकान पर या कुछ दिन के लिए दिल्ली भी चले जाते थे। अब वे हर बात में हमेशा शिवानी का ही दोष देखने लगे। वह घर, जिसकी वह मालिक थी धीरे-धीरे उसी घर में फालतू चीज़ हो गई। (क्रमश:)

