पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मिले अनिल कपूर, बोले- 'घर जैसा महसूस कराने के लिए शुक्रिया'
कला, संस्कृति, सिनेमा, AI और ऊर्जा समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा; अभिनेता ने सोशल मीडिया पर शेयर की मुलाकात की तस्वीरें
मुंबई- बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर ने हाल ही में पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें अनिल कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की हैं। उन्होंने राष्ट्रपति मैक्रों का स्वागत और मेहमाननवाजी के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने पेरिस में खुद को घर जैसा महसूस किया।
अनिल कपूर ने अपनी पोस्ट में बताया कि दोनों के बीच कला, संस्कृति, सिनेमा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऊर्जा और आर्किटेक्चर जैसे विषयों पर बातचीत हुई। इसके अलावा उन्होंने ऐतिहासिक चीजों और नेपोलियन के समय से जुड़ी कार्यालय की खास कलाकृतियों को भी देखा।
अभिनेता ने लिखा कि जब वह पहली बार भारत में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मिले थे, तब उनकी बातचीत इतनी सहज थी कि ऐसा लग रहा था जैसे वे एक-दूसरे को कई सालों से जानते हों। पेरिस में दोबारा मुलाकात के दौरान उन्हें वही गर्मजोशी और अपनापन महसूस हुआ।
उन्होंने आगे बताया कि बातचीत के दौरान इतिहास से लेकर बच्चों और पोते-पोतियों के भविष्य तक कई विषयों पर विचार साझा किए गए। अनिल कपूर ने राष्ट्रपति मैक्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वह उनकी दोस्ती को बेहद महत्व देते हैं और भविष्य में भारत में उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
सोशल मीडिया पर फैंस ने की तारीफ
अनिल कपूर की इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। कई यूजर्स ने दोनों की मुलाकात की तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, "क्लास की क्लास से मुलाकात, बेहद खूबसूरत।" वहीं एक अन्य यूजर ने अनिल कपूर को दुनिया के सबसे पसंदीदा लोगों में से एक बताया। कुछ फैंस ने उन्हें बॉलीवुड का अपना पसंदीदा अभिनेता भी कहा।

