मनोरंजन और ज्ञान का बड़ा स्रोत है टेलीविज़न

‘विश्व टेलीविज़न दिवस’ पर विशेष

कभी ‘बुद्धू बक्सा’ कहलाने वाला टेलीविज़न आज के युग में केवल मनोरंजन का साधन ही नहीं रह गया है, बल्कि महत्वपूर्ण सूचनाओं को लोगों तक पहुंचाने तथा किसी समस्या के बारे में लोगों की राय बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी बन गया है। विज्ञान और तकनीक के इस युग में टेलीविज़न भी अब ‘स्मार्ट’ बन गया है और आधुनिक पीढ़ी की अनेक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए लगातार नए रूप धारण कर रहा है। भारत में शायद ही कोई ऐसा घर होगा जो टेलीविज़न से अपरिचित हो। समाज के प्रत्येक वर्ग के दैनिक जीवन में कुछ घंटे टेलीविज़न के लिए समर्पित होते हैं जबकि मध्यम वर्ग के घरों में महिलाओं के लिए तो यह ‘बैस्ट टाइमपास’ बन गया है।
आज 21 नवम्बर को ‘विश्व टेलीविज़न दिवस’  है। इस दिवस को मनाने की शुरुआत वर्ष 1996 में आयोजित ‘प्रथम विश्व टेलीविजन फोरम’ की स्मृति को समर्पित करते हुए संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा द्वारा की गई थी। संयुक्त राष्ट्र संघ का मानना है कि टेलीविज़न वास्तव में समाज के भीतर तक अपनी पहुंच रखता है तथा विभिन्न सामाजिक सरोकारों पर चर्चा करने, बुराइयों के विरुद्ध जागरूकता पैदा करने और विश्वव्यापी आवश्यकताओं तथा परिवर्तनों के संबंध में लोगों की राय कायम करने में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।
बड़ी दिलचस्प बात है कि विश्व टेलीविजन दिवस मनाने संबंधी फैसले के खिलाफ वर्ष 1996 में जर्मनी ने आवाज़ उठाई थी। जर्मनी का मानना था कि जब दुनिया भर में संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा ‘विश्व प्रैस स्वतंत्रता दिवस’, ‘विश्व दूरसंचार दिवस’, ‘विश्व सूचना विकास दिवस’ तथा ऐसे ही अन्य दिवस पहले से ही मनाए जा रहे हैं, तो फिर एक और दिवस मनाने का कोई औचित्य नहीं बनता। जर्मनी के इस विरोध के बावजूद संयुक्त राष्ट्र संघ ने इस दिवस को मनाने का ऐलान वर्ष 1996 में कर ही दिया था।
टेलीविज़न के जन्म का जहां तक संबंध है, यह बताना उचित होगा कि टेलीविज़न के आविष्कार की बातें वर्ष 1880 में ही शुरू हो गई थीं तथा फर्डिनेंड ब्राउन नामक व्यक्ति ने पहले कैथोड किरण टेलीविज़न खोजने का दावा वर्ष 1906 में कर दिया था। पहला सफल टेलीविज़न प्रदर्शित करने की कोशिश जे. एल. बेयर्ड ने वर्ष 1926 में की थी, लेकिन पहला इलेक्ट्रॉनिक और मैकेनिकल टेलीविज़न का आविष्कार वर्ष 1927 में फि लो टेलर फार्न्सवर्थ नामक नौजवान ने किया था, जबकि उस समय उसकी उम्र केवल 21 वर्ष थी। यह तथ्य और भी दिलचस्प है कि फिलो टेलर ने अपनी उम्र के पहले चौदह वर्ष उस घर में गुजारे थे, जिस घर में बिजली  नहीं थी।
भारत में टेलीविज़न के सामने आने की खबर सबसे पहले अखबार में वर्ष 1950 में प्रकाशित हुई थी। इस खबर में मद्रास निवासी बी. शिवकुमार नामक नौजवान द्वारा टेलीविज़ननुमा यंत्र का प्रदर्शन किए जाने के बारे में बताया गया था। वह इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विषय का विद्यार्थी था। भारत में टेलीविज़न प्रसारण का आरंभ 15 सितम्बर, 1959 को हुआ था। यह प्रसारण एक अस्थायी स्टूडियो में और एक छोटे-से ट्रांसमीटर की मदद से किया गया था। भारत में टेलीविज़न पर दैनिक प्रसारण की शुरुआत वर्ष 1965 में ऑल इंडिया रेडियो के सहयोग से की गई थी तथा वर्ष 1976 में इसे ऑल इंडिया रेडियो से अलग करके स्वतंत्र प्रसारण शुरू कर दिया गया था। वर्ष 1980 में भारत में एकमात्र टेलीविज़न चैनल ‘दूरदर्शन’ था जबकि वर्ष 2023 में टेलीविज़न चैनलों की संख्या एक हज़ार का आंकड़ा पार कर गई थी। वर्ष 2026 में भारत के अंदर पंजीकृत टेलीविज़न चैनलों की संख्या 919 हो चुकी है, जिनमें से 908 चैनल डाउनलिंकिंग के लिए उपलब्ध हैं तथा भारत में पेड टीवी चैनलों की संख्या 333 है।
एक बड़ा ही दिलचस्प तथ्य है कि भारतीय टेलीविज़न चैनलों पर राष्ट्रीय प्रसारण की शुरुआत वर्ष 1982 में हुई थी और दिलचस्प बात यह भी थी कि रंगीन प्रसारण की शुरुआत का वर्ष भी 1982 ही था। बदलते समय के साथ तालमेल बिठाने के लिए आज का टेलीविज़न अब ‘स्मार्ट’ बन चुका है तथा आज इस पर आधुनिक समय की आवश्यकताओं के अनुसार बने नेटफ्लिक्स तथा ओटीटी आदि मनोरंजन से भरपूर प्लेटफॉर्म उपलब्ध हैं।
-मो. 97816-46008

#मनोरंजन और ज्ञान का बड़ा स्रोत है टेलीविज़न