आसियान-सद्भावना का संदेशआसियान-सद्भावना का संदेश
विगत कुछ दिनों से दक्षिण-पूर्व एशिया के देश फिलीपींस की राजधानी मनीला पर विश्व भर की नजरें केंद्रित रही हैं। यहां दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन आसियान का सम्मेलन कई पक्षों से बेहद महत्वपूर्ण रहा है। 11 देशों के इस संगठन में भारत को हमेशा विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाता रहा है। दक्षिण चीन सागर के आसपास बसे ये देश पिछले कई दशकों से लगातार विस्तारवादी चीन से खतरा महसूस करते रहे हैं, क्योंकि चीन इस पूरे सागर को अपनी संपत्ति समझता है। परंतु ये देश अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानूनों के अनुसार ही चलने के समर्थक रहे हैं। चीन की बढ़ती ताकत के सामने वे अक्सर स्वयं को बेबस समझते रहे हैं। यह भी एक बड़ा कारण है कि इन देशों ने लगातार भारत के साथ प्रत्येक पक्ष से अपनी नजदीकियां बढ़ाने का प्रयास किया है।
इनमें से अधिकांश देशों के भारत के साथ सदियों पुराने संबंध रहे हैं। यहां तक कि इन देशों के अधिकांश हिस्सों में भारतीय लोगों की धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक निकटता भी बनी रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने यहां स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत आसियान के साथ अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को महत्व देता है। भारत ने विशेष रूप से अपनी 'एक्ट ईस्ट नीति' के कारण आसियान देशों के साथ संबंधों को नई दिशा और गति दी है।
अब यह संबंध केवल व्यापार, साझा विरासत और संस्कृति तक सीमित नहीं रहे हैं, बल्कि इन्हें आधुनिक समय की जरूरतों के अनुरूप भी बनाया जा रहा है। इन देशों के साथ सहयोग के क्षेत्रों में अब डिजिटल टेक्नोलॉजी और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्र भी शामिल हैं। इसके साथ ही आज इस क्षेत्र में संयुक्त रक्षा नीति बनाने की आवश्यकता भी महसूस की जा रही है। इसलिए इस सम्मेलन में तटरक्षक बलों की मजबूती, आपदा प्रबंधन और समुद्री संपर्क बनाए रखने पर बल दिया गया है।
इन देशों के साथ प्रत्येक स्तर पर संबंधों को और भी मजबूत बनाया जाए, इसके लिए भारत ने हमेशा पहल की है। इन देशों के साथ मिलकर ढाई सौ से अधिक परियोजनाएं शुरू की गई हैं। इन देशों से हवाई उड़ानों को क्रमवार बढ़ाकर पर्यटन को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ भारतीय विश्वविद्यालयों में इन देशों के विद्यार्थियों को अधिक से अधिक सुविधाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता भी दिखाई गई है।
आसियान देशों के साथ व्यापक सहयोग और अन्य सुखद संबंध बनाने के प्रयासों के संदर्भ में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह यात्रा बेहद महत्वपूर्ण मानी जाएगी।
— बरजिंदर सिंह हमदर्द



