वरिष्ठ नेताओं की सीमाएं
चीन के शहर शेनझेन में विश्व की तीन बड़ी शक्तियों वाले देशों के प्रमुखों के एपेक शिखर सम्मेलन को बड़ी ही दिलचस्पी के साथ देखा गया है। जिस प्रकार कई क्षेत्रों में भयानक युद्ध छिड़े हुए हैं जिनके खत्म होने संबंधी अनिश्चितता बनी हुई है, के दृष्टिगत अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की इस भेंटवार्ता से अहम परिणाम निकलने की उम्मीद की जा रही है। इसलिए भी कि जहां गत 5 वर्ष से रूस और यूक्रेन का विनाशकारी युद्ध चल रहा है, वहीं अमरीका और इज़रायल द्वारा किए गए ईरान पर हमले का प्रभाव भी व्यापक स्तर पर महसूस किया जा रहा है। शेनझेन में इस बैठक से यह उम्मीद ज़रूर की जा रही है कि इन युद्धों के संबंध में इससे कोई सार्थक परिणाम निकल सकेंगे परन्तु इस बैठक के दौरान इन विषयों को इसलिए नहीं छूआ जा सका, क्योंकि ये बड़े देश स्वयं इसमें उलझे हुए हैं।
इसी नवम्बर महीने में अमरीका में हुए मध्यकालीन चुनावों में डोनाल्ड ट्रम्प की पार्टी की कांग्रेस की प्रतिनिधि सभा और सैनेट में हुई हार ने भी ट्रम्प के प्रशासन को और राष्ट्रपति की शक्तियों को बहुत कमज़ोर कर दिया है। आगामी समय में उपरोक्त गम्भीर मामलों में वह कितना प्रभावशाली बन सकते हैं, यह भी देखने वाली बात होगी। चाहे इन गम्भीर मामलों संबंधी तो इसमें चर्चा नहीं की गई परन्तु हम समझते हैं कि यदि इस सम्मेलन में परमाणु हथियारों को सीमित करने की बात की गई है और आगामी समय में इस मामले पर सहमति बनाए जाने के यत्न प्रभावशाली हो सकेंगे तो यह स्वयं में एक बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी। आज विश्व बारूद के ढेर पर बैठा है। बड़े और शक्तिशाली देशों ने जिस प्रकार अपने पास घातक हथियारों के ज़खीरे इकट्ठे कर लिए हैं, वह इसलिए भयानक दृश्य पेश कर रहे हैं कि इनका किसी भी तरह का किया गया इस्तेमाल इस धरती के लिए विनाशकारी सिद्ध हो सकता है। द्वितीय विश्व युद्ध के समय अमरीका और सोवियत यूनियन दो महाशक्तियां थीं, जिन्होंने उस समय बड़ी मेहनत व ईमानदारी से लगातार अपने-अपने बनाए और बढ़ाए जा रहे परमाणु हथियारों के ज़खीरों को सीमित रखने के लिए समझौते किए थे, परन्तु उन समझौतों की अवधि पूरी हो चुकी है, जिन्हें नए संदर्भ में और बड़े पक्षों को भी साथ लेकर नवीनीकरण किए जाने की कड़ी ज़रूरत महसूस हो रही है। इस भेंटवार्ता में 4 सूत्रीय घोषणा-पत्र में परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने और बातचीत करने पर भी सहमति प्रकट की गई है।
यह भी कि आज विश्व जिस दौर से गुज़र रहा है, उसमें अधिक से अधिक ऊर्जा पैदा किए जाने की ज़रूरत है। इसलिए इन स्रोतों का निरंतर जारी रहना भी ज़रूरी है। चाहे इन तीनों नेताओं की भेंटवार्ता में संयुक्त राष्ट्र की शक्तियों संबंधी बात चल रही है परन्तु प्रतीत यह होता है कि आज के दौर में संयुक्त राष्ट्र की भूमिका गम्भीर अंतर्राष्ट्रीय मामलों में प्रभावशाली नहीं रही। यह तभी क्रियात्मक रूप में सही भूमिका निभा सकता है, यदि इसका ताज़ा संदर्भ में नवीनीकरण किया जाए। हम इस बात को विश्व शांति के लिए अच्छी दिशा में उठाया गया कदम ज़रूर समझते हैं परन्तु क्रियात्मक रूप में छिड़े युद्धों संबंधी अपनी-अपनी सीमाओं के कारण ये नेता कोई ठोस और स्थायी हल ढूंढने में असमर्थ हुए प्रतीत होते हैं, जिसकी इनसे बड़ी उम्मीद की जाती थी और जिसे इस समय की बड़ी ज़रूरत भी समझा जा रहा है।
—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

