ट्रम्प-शी-पुतिन वार्ता : क्या नए शक्ति-संतुलन की पटकथा लिखी जा रही है ?
अमरीका, चीन और रूस के राष्ट्राध्यक्षों की पहली औपचारिक त्रिपक्षीय बैठक ने वैश्विक कूटनीति में एक नया अध्याय खोल दिया है। परमाणु हथियारों, संयुक्त राष्ट्र में सुधार, ऊर्जा आपूर्ति और अंतर्राष्ट्रीय न्याय व्यवस्था पर बनी सहमति के बीच यूक्रेन और ईरान युद्ध जैसे सबसे जटिल सवाल अनुत्तरित रह गए हैं। 19 नवम्बर, 2026 को चीन के शेनझेन में दुनिया की तीन सबसे बड़ी परमाणु शक्तियों अमरीका, चीन और रूस के राष्ट्राध्यक्षों की ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक हुई। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की यह पहली औपचारिक त्रिपक्षीय शिखर बैठक थी। एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) शिखर सम्मेलन के इतर आयोजित इस बैठक का महत्व इसलिए भी असाधारण था, क्योंकि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद निर्मित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था में इन तीनों देशों की निर्णायक भूमिका रही है। बैठक लगभग 90 मिनट चली और इसके बाद तीनों देशों ने चार प्रमुख बिंदुओं पर आधारित शांति घोषणा जारी की।
आखिर क्यों महत्वपूर्ण है यह बैठक?
शीतयुद्ध के बाद अमरीका एकमात्र महाशक्ति के रूप में उभरा था, लेकिन पिछले दो दशकों में चीन की आर्थिक एवं सैन्य शक्ति तथा रूस की सामरिक सक्रियता ने वैश्विक राजनीति को अधिक बहुध्रुवीय बनाया है। अमरीका और चीन के बीच व्यापार, तकनीक, ताइवान तथा हिन्द-प्रशांत क्षेत्र को लेकर प्रतिस्पर्धा है, जबकि रूस और पश्चिमी देशों के संबंध यूक्रेन युद्ध के कारण अत्यंत तनावपूर्ण हैं। ऐसे में तीनों नेताओं का एक मंच पर आना इस बात का संकेत है कि वैश्विक प्रतिद्वंद्विता के बावजूद महाशक्तियां कुछ साझा हितों पर बातचीत करने को तैयार हैं। चीन के लिए यह बैठक अपनी बढ़ती वैश्विक कूटनीतिक हैसियत प्रदर्शित करने का अवसर थी। रूस के लिए पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों और यूक्रेन युद्ध के बीच अंतर्राष्ट्रीय अलगाव की धारणा को तोड़ने का मौका था। वहीं ट्रम्प के लिए चीन और रूस के साथ सीधे संवाद के जरिए परमाणु जोखिम, युद्ध और ऊर्जा सुरक्षा जैसे सवालों पर अमरीकी नेतृत्व प्रदर्शित करने का अवसर था।
चार बिंदुओं की शांति घोषणा
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण परिणाम चार विषयों पर बनी सहमति रही। संयुक्त राष्ट्र में सुधार—तीनों देशों ने संयुक्त राष्ट्र्र को अधिक प्रभावी बनाने और वैश्विक चुनौतियों से निपटने में उसकी क्षमता बढ़ाने के लिए सुधारों की आवश्यकता स्वीकार की। उल्लेखनीय है कि अमरीका, रूस और चीन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्यों में शामिल हैं। इनके पास वीटो शक्ति भी है। हालांकि घोषणा में सुधारों का कोई विस्तृत खाका अथवा समय सीमा नहीं दी गई।
ऊर्जा आपूर्ति बढ़ाना—तीनों देशों ने परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन और आपूर्ति को बढ़ाने तथा वैश्विक ऊर्जा प्रवाह स्थिर रखने पर सहमति जताई। पश्चिम एशिया के संघर्षों और होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों की संवेदनशीलता को देखते हुए इसका आर्थिक और सामरिक महत्व है।
परमाणु जोखिम कम करना—तीनों नेताओं ने दोहराया कि परमाणु युद्ध जीता नहीं जा सकता इसलिए इसे कभी लड़ा नहीं जाना चाहिए। परमाणु जोखिम घटाने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए संवाद करने पर सहमति बनी। हालांकि परमाणु हथियारों की संख्या घटाने, निरीक्षण व्यवस्था या निरस्त्रीकरण की कोई बाध्यकारी समय सीमा घोषित नहीं की गई।
अंतर्राष्ट्रीय न्यायालयों के अधिकार क्षेत्र पर आपत्ति—तीनों देशों ने राज्य अधिकारियों की प्रतिरक्षा और राष्ट्रीय संप्रभुता के सिद्धांत को महत्वपूर्ण बताया। अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) और ऐसी संस्थाओं द्वारा अधिकार क्षेत्र के कथित दुरुपयोग का विरोध किया। यह बिंदु विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि आईसीसी ने 2023 में यूक्रेन युद्ध से जुड़े कथित युद्ध अपराधों के आरोपों पर पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
किन मुद्दों पर नहीं बन सकी सहमति?
इस बैठक की वास्तविक परीक्षा उन मुद्दों पर थी, जिन पर तीनों देशों के हित एक-दूसरे से टकराते हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध और ईरान से जुड़ा संघर्ष इसकी प्रमुख मिसाल हैं। ट्रम्प ने यूक्रेन युद्ध समाप्त कराने में चीन और रूस की भूमिका की बात की, जबकि पुतिन ने क्षेत्रीय संघर्षों के समाधान में तीनों देशों की साझा ज़िम्मेदारी का उल्लेख किया, लेकिन जारी शांति घोषणा में यूक्रेन और ईरान युद्ध का कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं था, न ही युद्धविराम, शांति समझौते या सैन्य तनाव कम करने का कोई ठोस कार्यक्रम सामने आया। परमाणु निरस्त्रीकरण पर भी बड़ी उपलब्धि नहीं मिली। अमरीका और रूस के पास चीन की तुलना में कहीं अधिक बड़े परमाणु शस्त्रागार हैं, जबकि चीन अपनी परमाणु क्षमता का विस्तार कर रहा है। इस असमानता के कारण चीन समान शर्तों पर परमाणु हथियारों में कटौती की बातचीत के प्रति सतर्क रहा है।
वैश्विक शक्ति-संतुलन पर संभावित प्रभाव
इस बैठक का सबसे बड़ा संदेश यह है कि वैश्विक राजनीति अब केवल अमरीका बनाम रूस अथवा अमरीका बनाम चीन के द्विपक्षीय समीकरणों से संचालित नहीं हो रही। तीनों महाशक्तियां अपने-अपने हितों के लिए सहयोग और प्रतिस्पर्धा दोनों का रास्ता अपना सकती हैं। हालांकि इसे दुनिया के तीन हिस्सों में बंटवारे या किसी नए सैन्य गठबंधन की शुरुआत मानना जल्दबाजी होगी। इस घोषणा में चारों सहमतियों के लिए ठोस लक्ष्य, निगरानी तंत्र और समय सीमा नहीं है। इसलिए इसका महत्व फिलहाल बाध्यकारी समझौते से अधिक राजनीतिक संकेत और कूटनीतिक संवाद की शुरुआत के रूप में है।
भारत के लिए क्या हैं मायने?
भारत के लिए यह घटनाक्रम विशेष महत्व रखता है। अमरीका के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी, रूस के साथ रक्षा और ऊर्जा संबंध तथा चीन के साथ सीमा विवाद और व्यापारिक निर्भरता तीनों अलग-अलग आयाम हैं। भारत की विदेश नीति का मूल आधार रणनीतिक स्वायत्तता है। ऐसे में तीन महाशक्तियों के बीच किसी भी नए समझौते का प्रभाव भारत की ऊर्जा सुरक्षा, रक्षा खरीद, हिंद-प्रशांत क्षेत्र, संयुक्त राष्ट्र्र सुरक्षा परिषद में सुधार और वैश्विक व्यापार पर पड़ सकता है। भारत लंबे समय से सुरक्षा परिषद में सुधार और अपनी स्थायी सदस्यता की मांग करता रहा है। यदि तीनों स्थायी सदस्य वास्तव में सुधार के लिए गंभीर होते हैं, तो यह भारत के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर हो सकता है, लेकिन सुधारों का वास्तविक स्वरूप और वीटो व्यवस्था पर उनकी सहमति अभी स्पष्ट नहीं है। -इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर



