डेराबस्सी में दो फैक्ट्रियों में लगी भीषण आग, करोड़ों रुपये का नुकसान

डेराबस्सी (मोहाली), 29 नवंबर (गुरमीत सिंह)- डेराबस्सी-बरवाला रोड पर गांव कुड़ावाला स्थित दो फैक्ट्रियों में बीती रात करीब ढाई बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दोनों फैक्ट्रियां इसकी चपेट में आ गईं। इस अग्निकांड में फैक्ट्रियों के अंदर रखी भारी मात्रा में लकड़ी, यूपीवीसी के दरवाजे, मशीनरी, कच्चा माल और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक फैक्ट्री मालिकों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब दो बजे हुई। गांव कुड़ावाला स्थित महालक्ष्मी टिंबर और ईगल प्लास्ट फैक्ट्री से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। फैक्ट्रियों में लकड़ी और प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हादसे के दौरान किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ, जो राहत की बात है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

फायर ब्रिगेड अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि रात को लगी आग दोपहर तक सुलगती रही और कड़ी मशक्कत के बाद उस पर काबू पाया गया।

#डेराबस्सी में दो फैक्ट्रियों में लगी भीषण आग
# करोड़ों रुपये का नुकसान