सेंसेक्स 430 अंक टूटा, निफ्टी में 109 अंक की गिरावट



मुंबई, 6 मार्च (भाषा) : बंबई शेयर बाज़ार के सेंसेक्स में आज कारोबार के आखिरी घंटे में ज़ोरदार गिरावट आई और यह 430  अंक टूटकर करीब तीन महीने के निचले स्तर 33,317  अंक पर आ गया। सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बावजूद बैंकिंग शेयरों के बिकवाली दबाव में आने से बाज़ार नीचे आ गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 109 अंक टूटकर 10,249.25  अंक पर आ गया। इस तरह की खबरें आई हैं कि निजी क्षेत्र के आई सीआईसीआई बैंक की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी चंदा कोचर तथा एक्सिस बैंक की प्रमुख शिखा शर्मा को गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय ( एसएफआईओ)  ने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के करोड़ों रुपये के घोटाले के सिलसिले में सम्मन किया है। इससे बैंकों के शेयर दबाव में रहे। भारतीय स्टेट बैंक,  आईसीआईसीआई बैंक,  बैंक आफ बड़ौदा,  पीएनबी, कोटक बैंक, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, फेडरल बैंक और यस बैंक के शेयर 2.77 प्रतिशत तक नीचे आ गए। भारतीय रिजर्व बैंक ने एनपीए वर्गीकरण नियमों के उल्लंघन के लिए कल एक्सिस बैंक पर तीन करोड़ रुपये तथा केवाईसी नियमनों के उल्लंघन के लिए इंडियन ओवरसीज बैंक पर दो करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। इससे भी धारणा प्रभावित हुई। अन्य एशियाई बाज़ारों के मजबूत रुख से बंबई शेयर बाज़ार का 30  शेयरों वाला सेंसेक्स 34,047.43  अंक पर मजबूत खुलने के बाद 34,060.13 अंक के उच्चस्तर तक गया। हालांकि,  कारोबार के अंतिम घंटे में यह नकारात्मक दायरे में आ गया। एक समय यह 33,209.76  अंक के निचले स्तर तक आया। अंत में सेंसेक्स 429.58 अंक या 1.27  प्रतिशत के नुकसान से 33,317.20 अंक पर बंद हुआ। यह 14  दिसंबर, 2017  के बाद सेंसेक्स का निचला स्तर है। उस दिन सेंसेक्स 33,246.70 अंक पर बंद हुआ था।
यह छह फरवरी के बाद सेंसेक्स की एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट है। उस दिन सेंसेक्स 561.22  अंक टूटा था। कुल मिलाकर पिछले पांच सत्रों में सेंसेक्स 1,129  अंक नीचे आया है। वहीं निफ्टी एक समय10,400  अंक के स्तर को पार कर 10,441.35  अंक तक गया। बाद में यह 10,215.90  अंक के निचले स्तर तक आया। अंत में यह 109.60  अंक या 1.06  प्रतिशत के नुकसान से 10,249.25  अंक पर बंद हुआ। एशियाई बाज़ारों में सकारात्मक रुख रहा। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाज़ार भी ऊपर चल रहे थे।