जाखड़ धाकड़ हैं तो भागे क्यों: मजीठिया

जलालाबाद, 25 मार्च (अ.स.) : पिछले लंबे समय से लोकसभा हलका फिरोजपुर से शिरोमणि अकाली दल का झंडा बुलंद रहा है और इस झंडे को भविष्य में भी बुलंद रखने के लिए शिअद, यूथ अकाली दल, भाजपा और पूरा बादल परिवार इस हलके में छावनी बनाकर रखेगा। ये शब्द यूथ अकाली दल के सरंक्षक बिक्रम सिंह मजीठिया ने जलालाबाद में यूथ अकाली दल की रैली को संबोधित करते हुए कहे। उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के लिए झूठ का सहारा लिया है और जनता इसका जवाब लोकसभा चुनावों में जरूर देगी। टैक्स के बोझ ने आम जनता की कमर तोड़कर रख दी है। कांग्रेस ने लोगों को स्मार्ट फोन, घर-घर नौकरी, अच्छी सेहत सुविधा और दाल आटा स्कीम के साथ साथ अन्य सुविधाएं देने की बात कही थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद कांग्रेस यह सुविधाएं भूल गई। उन्हाेंने प्रधान सुनील कुमार जाखड़ को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह धाकड़ हैं और उन्होंने इस हलके में अच्छे काम किए हैं तो वह यह हलका छोड़कर न भागते और अगर उनमें चुनाव लड़ने का दम है तो वह फिरोजपुर में आकर चुनाव लड़ें। उन्हाेंने कहा कि मौजूदा खजाना मंत्री मनप्रीत सिंह बादल द्वारा प्रदेश की जनता पर 1200 करोड़ रुपए का अधिक बोझ डाला जा रहा है। इस मौके पर सतिन्द्रजीत सिंह मंटा, कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी विधायक, बंटी रूमाणा इंचार्ज फरीदकोट, वरदेव सिंह नौनी मान सदस्य पी.ए.सी. अकाली दल, गुरपाल सिंह ग्रेवाल जिला जत्थेदार आदि मौजूद थे।