लोकसभा चुनावों के साथ ही हो सकते हैं हरियाणा विधानसभा के चुनाव 

हरियाणा में भाजपा ने अभी से प्रदेश भर में धुआंधार अभियान छेड़ दिया है। पहले मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कई जिलों में बारी-बारी से जाकर लोगों के साथ सीधा जन-संपर्क अभियान शुरू किया, और अब मंत्रियों को भी जन संपर्क अभियान के लिए फील्ड में उतार दिया गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ और प्रदेश प्रभारी व त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव देव से लेकर हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तक हरियाणा के संसदीय क्षेत्रों में निरंतर अभियान चलाए हुए हैं। भाजपा नेताओं द्वारा आए दिन पदाधिकारियों की बैठकें कर उन्हें दिशा-निर्देश देने और पन्ना प्रमुखों सहित बूथ लेवल कमेटियों को भी पार्टी के प्रचार प्रसार की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। भाजपा पिछले करीब 9 सालों से केंद्र व हरियाणा में सत्ता संभाले हुए है। भाजपा के इस जोरदार अभियान को देखते हुए लोगों में यह भी चर्चा चल पड़ी है कि भाजपा आलाकमान इस बार लोकसभा चुनाव के साथ ही प्रदेश विधानसभा के चुनाव भी करवा सकती है। वैसे तो मोदी सरकार के केंद्र में 9 साल पूरे होने के दृष्टिगत सरकार की उपब्धियां लोगों तक पहुंचाने के नाम पर यह अभियान छेड़ा गया है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से जिस तरह से हरियाणा में भाजपा नेताओं व पदाधिकारियों के कार्यक्रमों में तेजी आई है, उसको लोकसभा के साथ हरियाणा विधानसभा चुनाव होने की संभावनाओं के तौर पर भी देखा जा रहा है।

कांग्रेस में खींच-तान

हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी खत्म करने के पार्टी आलाकमान के तमाम प्रयासों के बावजूद अभी तक प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी खत्म होने का नाम नहीं ले रही। पिछले सप्ताह प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष उदयभान ने सार्वजनिक तौर पर यह घोषणा कर दी कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ही प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा से जब पत्रकारों ने इस बारे में पूछा कि उदयभान सार्वजनिक तौर पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा को प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री घोषित कर रहे हैं, तो सैलजा ने विवाद में पड़ने की बजाय यह  कह दिया कि पार्टी आलाकमान ही हरियाणा में अगले मुख्यमंत्री का फैसला करेगी और अभी तक पार्टी आलाकमान ने ऐसा कोई फैसला नहीं किया है। 
उन्होंने इस बात पर भी हैरानी जताई कि कांग्रेस के कुछ नेता अलग-अलग जिलों में जाकर अलग-अलग हल्कों मेें अभी से पार्टी उम्मीदवारों की घोषणा करने में लगे हुए हैं, हालांकि उन्हें पार्टी उम्मीदवारों की घोषणा करने का कोई अधिकार नहीं है। वे किस आधार पर यह घोषणा कर रहे हैं, यह बात तो वे ही बता सकते हैं। वैसे इस समय नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गुट सबसे ज्यादा प्रभावी है। प्रदेश के ज्यादातर विधायक भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ ही हैं और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट से ही संबंध रखते हैं। प्रदेश में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला, राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा, कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन अजय सिंह और कांग्रेस विधायक दल की पूर्व नेता व पूर्व मंत्री किरण चौधरी के अपने-अपने गुट हैं। 
कांग्रेस के सभी गुट अपने-अपने हिसाब से विभिन्न इलाकों में पार्टी के प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। कांग्रेस की जनसभाओं में भीड़ भी अच्छी-खासी उमड़ रही है और इस भीड़ को लेकर कांग्रेसी नेता उत्साहित भी हैं। कांग्रेस के सभी नेता आपसी मतभेद भुलाकर आने वाले समय में एक साथ एक मंच पर आ पाएंगे या नहीं और कांग्रेस की गुटबाजी कभी खत्म होगी भी या नहीं, यह तो आने वाला समय बताएगा, लेकिन भावी मुख्यमंत्री को लेकर कांग्रेस में आपसी विवाद अवश्य मौजूद है। सभी नेताओं के समर्थक अपने-अपने नेता को भावी मुख्यमंत्री कह कर संबोधित करने में जरूर लगे हुए हैं। 

पंजाब यूनिवर्सिटी के साथ कॉलेज जोड़ने का मामला

चंडीगढ़ के साथ लगते हरियाणा के पंचकूला, अम्बाला व यमुनानगर जैसे जिलों के कॉलेजों को पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के साथ जोड़ने को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर अब बेहद सक्रिय हो गए हैं। उनका कहना है कि पहले भी हरियाणा पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के साथ जुड़ा रहा है और हरियाणा के पंचकूला, अम्बाला व यमुनानगर जिलों के कॉलेजों को एक बार फिर पंजाब विश्वविद्यालय के साथ जोड़ा जाना चाहिए। इससे हरियाणा के बच्चों को भी पंजाब विश्वविद्यालय से शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। इसी मुद्दे को लेकर पंजाब के राज्यपाल व केंद्र-शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित पिछले एक सप्ताह में हरियाणा व पंजाब के मुख्यमंत्रियों के साथ दो बार बैठक कर चुके हैं। पंजाब सरकार हरियाणा की इस मांग का विरोध कर रही है। दूसरी तरफ हरियाणा का यह भी कहना है कि करीब तीन दशक पहले तक पंजाब विश्वविद्यालय में हरियाणा की भी भागीदारी होती थी। पंजाब विश्वविद्यालय की सीनेट में हरियाणा के विधायकों को भी बतौर सदस्य नामज़द किया जाता था। उनका यह भी कहना है कि पंजाब विश्वविद्यालय सीनेट के चुनाव में ग्रेजुएट कांस्टीच्यूएंसी से चुन कर आने वाले सदस्यों में हरियाणा का अलग कोटा रहा है लेकिन पिछले कुछ अरसे से पंजाब विश्वविद्यालय से हरियाणा अलग हो गया था। अब हरियाणा एक बार फिर अपनी पुरानी हिस्सेदारी वापस पाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इसी मुद्दे को लेकर पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित की अध्यक्षता में तीसरे दौर की बैठक तीन जुलाई को होगी और उस बैठक में एक बार फिर हरियाणा व पंजाब के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। वैसे इस मुद्दे को पिछले साल हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता जो पंचकूला से भाजपा विधायक हैं, ने भी उठाया था। अब यह मुद्दा धीरे-धीरे गंभीर होता जा रहा है। 

जजपा ने किया राजस्थान का रुख

डॉ. अजय सिंह चौटाला व उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व वाली जननायक जनता पार्टी ने पार्टी का विस्तार करने के लिए एक बार फिर राजस्थान का रुख किया है। पार्टी ने वहां प्रदेश अध्यक्ष सहित विभिन्न पदाधिकारियों की नियुक्ति करने के साथ-साथ पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला को राजस्थान में पार्टी का प्रचार-प्रसार करने की जिम्मेदारी सौंपी है। जजपा का इरादा राजस्थान की जाट बैल्ट में पार्टी को मजबूत बनाना है और जजपा इसी साल के आखिर में होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव में चुनाव लड़ने की भी इच्छुक है। वैसे चौधरी देवीलाल का परिवार व उनकी पार्टी राजस्थान में पहले भी चुनाव लड़ते रहे हैं। चौधरी देवीलाल 1989 में राजस्थान के सीकर से सांसद चुने गए थे और देश के उप-प्रधानमंत्री बने थे। उस समय देवीलाल के चुनाव अभियान के दौरान अजय सिंह चौटाला वहां निरंतर सक्रिय रहे और लोकसभा के बाद राजस्थान विधानसभा के लिए हुए चुनाव में अजय चौटाला पहली बार राजस्थान के दाता रामगढ़ से विधायक चुने गए थे।
 उन्होंने अपना दूसरा चुनाव भी राजस्थान के नोहर से लड़ा और वह दूसरी बार भी नोहर से विधायक बनकर राजस्थान विधानसभा में पहुंचे थे। इसके बाद भी चौधरी देवीलाल का परिवार निरंतर राजस्थान में सक्रिय रहा तथा पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने 2002-03 के दौरान राजस्थान में अनेक बड़ी रैलियां करके न सिर्फ पार्टी संगठन खड़ा किया था बल्कि राजस्थान से इनेलो के विधायक भी चुने गए थे। इनेलो नेता अभय चौटाला ने भी अपना पहला चुनाव राजस्थान के संगरिया विधानसभा क्षेत्र से लड़ा था लेकिन वह सफल नहीं हो पाए थे। अभय चौटाला के साले अभिषेक मटोरिया भी राजस्थान के नोहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। चौटाला परिवार में दरार पड़ने और पार्टी के दोफाड़ होने के बाद एक बार फिर जजपा ने हरियाणा के साथ लगते राजस्थान में पैर जमाने का प्रयास शुरू किया है। उम्मीद की जा रही है कि जजपा राजस्थान विधानसभा चुनाव भाजपा के साथ मिल कर लड़ सकती है। इस मामले में जजपा को कितनी सफलता मिलती है, यह तो आने वाला समय ही बताएगा। 

-मो.-9855465946