मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आत्मसमर्पित नक्सलियों ने की मुलाकात
रायपुर, 18 मार्च (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बीजापुर और कांकेर जिलों से आए 140 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने विधानसभा परिसर में मुलाकात कर मुख्यधारा में लौटने की अपनी यात्रा साझा की।
मुख्यमंत्री ने आत्मसमर्पित नक्सलियों से उनके पूर्व जीवन और वर्तमान परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान पूर्व नक्सलियों ने बताया कि अब उनका जीवन पूरी तरह बदल चुका है। जहां पहले वे जंगलों में असुरक्षा और भय के बीच जीवन जीते थे, वहीं अब परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि उनके क्षेत्रों में सड़कों, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे जीवन स्तर में सुधार आया है। कुछ लोगों ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने पहली बार होली जैसे त्योहार को परिवार के साथ मनाया, जो उनके लिए एक नया और सुखद अनुभव रहा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी का मुख्यधारा में स्वागत करते हुए इसे छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि संविधान पर विश्वास जताकर सभी ने समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार पुनर्वास, रोजगार और सामाजिक पुनर्स्थापन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। साथ ही यह भी कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नक्सलवाद उन्मूलन के संकल्प को जल्द ही पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर गृहमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक भी उपस्थित थीं।

