चुनौती भरा दहशत का माहौल

विगत दिवस ज़िला गुरदासपुर के कस्बा कलानौर में एक अस्पताल पर दोपहर के समय ग्रेनेड फैंका गया। जिससे कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ परन्तु इलाके भर में दहशत का माहौल ज़रूर बन गया। पुलिस ने सतर्कता अपनाते हुए कुछ घंटों में ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिससे नए खुलासे होने की उम्मीद की जा रही है। इस संबंध में डायरैक्टर जनरल पुलिस गौरव यादव ने यह कहा है कि इस मामले को गुरदासपुर पुलिस और काऊंटर इंटेलीजैंस विंग की संयुक्त टीम ने कुछ घंटों में ही हल कर लिया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि इसके पीछे एक विदेशी साजिशकर्ता (हैंडलर) का हाथ है, जिसके निर्देशों पर यह साजिश रची गई थी। इस संबंध में संबंधित अस्पताल के डाक्टर ने भी बताया कि गत वर्ष से उन्हें फिरौती के लिए फोन आ रहे थे। दहशत फैलाने के लिए ही इस घटना को अंजाम दिया गया है।
विगत लम्बी अवधि से पूरे प्रदेश से ऐसी दहशत वाली घटनाएं घटित होने के समाचार मिलते रहे हैं। इनका दिन-प्रतिदिन बढ़ना प्रदेश की पुलिस और प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। चाहे पुलिस ऐसी घटनाओं के प्रति संवेदनशील होकर कड़े कदम उठा रही है और सरकार द्वारा इसके लिए लगातार कड़े आदेश भी दिए जा रहे हैं परन्तु चिन्ताजनक बात यह है कि यह सिलसिला रुकता हुआ दिखाई नहीं दे रहा। समाचारों के अनुसार पिछले 4 महीनों में 27 किलो नशीले पदार्थ, दर्जनों पिस्तौल और विस्फोटक सामग्री पकड़ी जा चुकी है। पुलिस अपराधियों के नैटवर्क तोड़ने के लिए पूरा यत्न भी कर रही है परन्तु हथियारों और ग्रेनेडों का चलना और फिरौतियों के लिए धमकियों का दिन-प्रतिदिन बढ़ते जाना, पुलिस के लिए बड़ी चिन्ता का कारण बन गया है। इसी क्रम में फिरौती न मिलने के कारण अस्पताल पर बम फैंकने की कार्रवाई की गई है। हाईकोर्ट में भी इसके लिए कई याचिकाएं दायर की जा चुकी हैं। विगत दिवस फिरोज़पुर ज़िला के मक्खू शहर में एक करियाना स्टोर के मालिक की गोलियां मार कर हत्या कर दी गई थी। हत्यारों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि वे दिन-दहाड़े, भरे बाज़ारों में ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। इसी दिन अमृतसर के हलका जंडियाला के तहत पड़ते एक गांव के निकट एक सरकारी अध्यापक की हत्या कर दी गई थी। यहां तक कि बड़े शहरों में भी दिन-दहाड़े लूटपाट की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। मोटरसाइकिल पर सवार लुटेरे सड़क पर जाती महिलाओं से दिन-दहाड़े लूटपाट करते हैं, जिस कारण अब महिलाओं के भीतर भी सड़कों, बाज़ारों में जाते हुए एक सहम पैदा हो रहा है।
लुधियाना जैसे शहर में घर के भीतर एक बुजुर्ग दम्पति की निर्ममता से हत्या कर दी गई। जालन्धर में एक आर.टी.आई. कार्यकर्ता की दिन-दहाड़े गोलियां मार कर हत्या कर दी गई। इसी तरह विगत दिवस जालन्धर के थाना लांबड़ा के अंतर्गत आते एक इलाके में एक नशेड़ी द्वारा मां को धक्का मार कर गिराने के बाद उसकी बेटी का अपहरण करने का यत्न किया गया। यहां तक कि मजीठा के निकट ड्यूटी पर जा रहे एक पुलिस के ए.एस.आई. की गोलियां मार कर हत्या कर दी गई।  विगत दिवस गायिका यशइन्द्र कौर उर्फ इंद्र कौर की हत्या करके नहर में फैंक दिया गया था, जिसका समाचार व्यापक स्तर पर उजागर हुआ था। बड़े शहरों में चोरी, लूटपाट और झपटमारी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। घरों के ताले तोड़े जा रहे हैं, खड़ी कारों के शीशे तोड़ कर सामान चोरी किया जा रहा है, और राहगीर महिलाओं के मोबाइल, नकदी और स्वर्ण आभूषण झपटे जा रहे हैं। 
दूसरी तरफ पंजाब पुलिस प्रमुख का पक्ष यह है कि वह राज्य में नशा तस्करों, गैंगस्टरों और अन्य अपराधियों के विरुद्ध अभियान चला रहे हैं। पुलिस ने 134 दिनों से गैंगस्टरों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान संबंधी कहा कि उसने विगत दिवस 526 ठिकानों पर छापामारी की है और 272 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। अब तक कुल गिरफ्तारियां 33,612 हो गई हैं।  पुलिस के अनुसार नशों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के 459वें दिन 71 नशा तस्कर हिरासत में लिए गए हैं और व्यापक स्तर पर नशीले पदार्थ भी पकड़े गए हैं। नि:संदेह पुलिस यत्न कर रही है, परन्तु स्थिति बेहद गम्भीर और चिन्ताजनक है। प्रशासन और पुलिस के लिए यह एक बड़ी चुनौती है, जिसके लिए उन्हें और सतर्क होना पड़ेगा। आगामी समय में ऐसे अनेकानेक अपराधों को नियंत्रण करने में ही सरकार की सफलता मानी जाएगी। आज इसी दृढ़ता भरी सक्रियता की ही प्रशासन से उम्मीद की जा रही है।

—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

#चुनौती भरा दहशत का माहौल