एआई : खतरा तकनीक से नहीं, दुरुपयोग से है

कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी ‘एआई’ (आर्टिफिशियल इंटेलीजैंस) अब केवल तकनीक नहीं है। यह शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार, प्रशासन और राष्ट्रीय सुरक्षा का हिस्सा बनती जा रही है। यह मानव की रचना है। इसलिए इसका भविष्य भी मानव की सोच, नैतिकता और सतर्कता तय करेगा। एआई को डर की वस्तु नहीं, ज़िम्मेदारी का औज़ार समझना चाहिए। यह इंसान की सोच, डेटा, गणित और कम्प्यूटर शक्ति का परिणाम है। सही बात यह है कि एआई एक अत्यन्त शक्तिशाली तकनीक है। इसका उपयोग करने वाला इंसान ही तय करेगा कि वह लाभ देगा या नुकसान।
मनुष्य द्वारा किए आविष्कार ने जीवन बदला। हर आविष्कार के साथ जोखिम भी आया। ज़हर से कुछ दवाएं बनती हैं, परन्तु गलत मात्रा में वही ज़हर जानलेवा हो सकता है। विमान घण्टों में देश और महाद्वीप पार कर जता है, परन्तु दुर्घटना होने पर भारी जन हानि हो जाती है। जलयान सागर पार कराता है, खराबी के कारण त्रासदी हो सकती है। एआई भी इसी श्रेणी में आती है। खतरा तब बढ़ता है जब इसका दुरुपयोग हो, सुरक्षा कमज़ोर हो या लोग असावधान रहें। कुछ लोग एआई को हौवा कहते हैं। यह गलत धारणा है। एआई शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, परिवहन और प्रशासन में नयी सम्भावनाएं खोल रही है। यह बड़े डेटा को समझने, भाषा अनुवाद करने, रोग की पहचान में मदद करने और जटिल समस्याओं का विश्लेषण करने में सक्षम है। यह केवल एक देश का मुद्दा नहीं है। यह पूरी मानवता और आने वाले युग का मुद्दा है। जिस देश में एआई का ज्ञान, कौशल और सुरक्षा होगी, वह भविष्य में अधिक सक्षम रहेगा। इसलिए भारत को एआई को डर से नहीं, समझ, नैतिकता और कौशल से अपनाना चाहिए।
 उल्लेखनीय है कि एआई से नकली वेबसाइट और डीपफेक बनाना आसान हो गया है। इसलिए ऑनलाइन लेन-देन से पहले सतर्कता और भी ज़रूरी हो गयी है। एआई का सबसे बड़ा खतरा यह नहीं है कि वह इंसान से बाहर हो जाएगी। सबसे बड़ा खतरा है, इसका गलत इस्तेमाल। ठग नकली आवाज़, चेहरे और वीडियो का उपयोग कर सकते हैं। साइबर अपराधी लोगों को डराकर पैसा या जानकारी निकाल सकते हैं।
आज किसी की आवाज़ नकल की जा सकती है। किसी नेता, अधिकारी, बैंककर्मी या परिजन का वीडियो बनाया जा सकता है। ऐसा वीडियो देखकर लोग भरोसा कर सकते हैं। फिर उन्हें धोखा हो सकता है। लोगों को यह सोचना होगा कि यह वीडियो कहां से आया? स्रोत क्या है? सन्देश किसने भेजा? लिंक क्यों दिया गया? ओटीपीए पासवर्ड, बैंक विवरण या पैसा क्यों मांगा जा रहा है?
एआई युग में सुरक्षा को लेकर केवल सरकार या तकनीकी कम्पनियों की ज़िम्मेदारी नहीं है। यह आम लोगों की भी ज़िम्मेदारी है। वे अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें। ओटीपीए पासवर्ड या बैंक विवरण किसी को न दें। अचानक आई धमकी, लॉटरी या रिफण्ड के सन्देश पर भरोसा न करें। वीडियो कॉल या आवाज़ से ही पहचान न करें। दूसरे माध्यम से पुष्टि करें। मोबाइल और कम्प्यूटर का सॉफ्टवेयर अपडेट रखें। मजबूत और अलग-अलग पासवर्ड रखें। सन्दिग्ध ठगी की सूचना साइबर क्राइम हेल्पलाइन नम्बर पर दें। ऐसा करने से बड़े नुकसान से बचा जा सकता है।
बैंक, अस्पताल, स्कूल, सरकारी कार्यालय और कम्पनियां बड़ी मात्रा में लोगों का डेटा रखती हैं। उनके लिए एआई-आधारित हमले गम्भीर चुनौती हैं। उन्हें नियमित सुरक्षा जांच, कर्मचारी प्रशिक्षण, डेटा सुरक्षा और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र चाहिए। प्रशासनिक पहुंच के लिए मल्टी-फैक्टर प्रमाणीकरण रखना चाहिए। एआई एजेंटों को न्यूनतम अधिकार और अलग पहचान देनी चाहिए। एआई को रोकना सम्भव नहीं है। इसे सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना सम्भव है। यही असली राष्ट्रीय तैयारी है।
भारत दुनिया का बड़ा डिजिटल समाज है। यहांकरोड़ों लोग यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग, ऑनलाइन शिक्षा और ई-गवर्नेंस का उपयोग करते हैं। इसलिए एआई सुरक्षा केवल तकनीकी विषय नहीं है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक सुरक्षा और नागरिक अधिकार का विषय है। स्कूलों में डिजिटल साक्षरता होनी चाहिए। ग्राम पंचायतों, महिला समूहों और युवाओं में जागरुतका पैदा की जानी चाहिए। एआई का दुरुपयोग तभी सम्भव है, जब हम सतर्क रहेंगे। जब हम असली और नकली की पहचान कर सकेंगे। (एजेंसी)

#एआई : खतरा तकनीक से नहीं
# दुरुपयोग से है