एफआईएच हॉकी प्रो-लीग के लिए उत्साहित भारतीय टीम

टोक्यो ओलम्पिक खेलों में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाले मनप्रीत सिंह साउथ अफ्रीका और फ्रांस के खिलाफ आगामी एफआईएच प्रो लीग मैचों में भारत की कप्तानी करेंगे, जो 8 से 12 फरवरी से साउथ अफ्रीका के पॉटशेफस्ट्रूम में खेला जाएगा। हॉकी इंडिया ने साऊथ अफ्रीका दौरे के लिए 20 सदस्यीय भारतीय हॉकी टीम की घोषणा की थी, जिसमें ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह को उपकप्तान बनाया गया। टीम एक ऐसे व्यस्त सत्र की शुरुआत करेगी, जो बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेल और चीन के हांग्जो में एशियाई खेल के बाद जनवरी 2023 में चार प्रो लीग मैचों के साथ ओडिशा में सीनियर पुरुष विश्व कप तक ले जाएगा। होनहार युवा ड्रैग-फ्लिकर जुगराज सिंह और फास्ट फॉरवर्ड अभिषेक के रूप में टीम के अंदर दो नए चेहरे दिखाई देंगे। जुगराज, जो अटारी अमृतसर से हैं, जनवरी 2022 में पहली बार सीनियर राष्ट्रीय शिविर में आए, जब उन्होंने पहली हॉकी इंडिया सीनियर अंतर-विभाग राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के दौरान राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। दूसरी ओर, अभिषेक एक स्ट्राइकर है, जो पहले जूनियर्स प्रोग्राम का हिस्सा थे और 2017 और 2018 में सुल्तान ऑफ जोहोर कप में इंडिया कोल्ट्स के लिए खेले थे। सोनीपत, हरियाणा से अभिषेक ने पंजाब नेशनल बैंक के लिए पहले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था।20 सदस्यीय टीम में गोलकीपर पीआर श्रीजेश, कृष्ण बहादुर पाठक, डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, सुरेंद्र कुमार, वरुण कुमार, जरमनप्रीत सिंह और जुगराज सिंह शामिल हैं। मिडफील्ड में मनप्रीत सिंह, नीलकांत शर्मा, हार्दिक सिंह, जसकरण सिंह, शमशेर सिंह और विवेक सागर प्रसाद एक्शन में नजर आएंगे। फॉरवर्ड लाइन में मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, आकाशदीप सिंह, शिलानंद लकड़ा, दिलप्रीत सिंह और अभिषेक शामिल हैं।टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड के अनुसार आने वाले बहुत व्यस्त और महत्वपूर्ण वर्ष के साथ, भारतीय टीम विश्व मंच पर वापस आने और एफआईएच हॉकी प्रो लीग के नए सीजन में खेलने के लिए उत्साहित है। भारतीय हॉकी टीम साऊथ अफ्रीका में 8 फरवरी को पहला मैच फ्रांस से खेलेंगी और फिर अगले दिन साऊथ अफ्रीका से भिड़ेगी। वे इस दौरे पर अपने शेड्यूल के मुताबिक 12 फरवरी को फ्रांस से खेलेंगे और अगले दिन साऊथ अफ्रीका की मेजबानी करेंगे।