हमेशा अकेले रहती है उथले पानी की  गिलहरी मछली 

गिलहरी मछली एक मजेदार समुद्री मछली है। यह देखने में लाल गिलहरी की तरह लगती है। इसीलिए इसका नाम गिलहरी मछली दिया गया है। अंग्रेजी में इसे स्क्वेरल फिश कहते हैं। आस्ट्रेलिया में इसे सैनिक मछली (सोल्जरफिश) के नाम से जाना जाता है। गिलहरी मछली की खोज 18वीं सदी के आरंभ में हुई थी। वास्तव में रात्रिचर होने के कारण इसे उल्लू मछली कहना चाहिये था। इसकी आंखें बड़ी होती हैं एवं इनकी संरचना ऐसी होती है कि इसे उल्लू की तरह रात में सब कुछ साफ-साफ दिखाई देता है।
गिलहरी मछली गर्म सागर वाली जगह की मछली है। यह प्राय: विश्व के सभी उष्ण कटिबंधीय सागर और महासागर में पायी जाती है। गिलहरी मछली की लगभग 70 प्रजातियां हैं। इनमें से अधिकांश प्रजातियां उथले पानी में रहती है। हद प्रशांत क्षेत्र में बहुतायत से मिलने वाली लाल सैनिक मछली (सोल्जरफिश) अपेक्षाकृत अधिक गहराई में रहना पसंद करती है। इसे 27 मीटर तक गहरे पानी में देखा गया है। गिलहरी मछली हमेशा अकेली रहती है। 
गिलहरी मछली शानदार तैराक मछली है। इसकी शारीरिक संरचना सामान्य समुद्री मछलियों की तरह होती है। इसकी लंबाई 30 सेंटीमीटर से लेकर 50 सेंटीमीटर तक होती है। 70 सेंटीमीटर तक लंबी गिलहरी मछलियां देखने को मिलती हैं। इसके शरीर का रंग चमकीला लाल होता है तथा इस पर चांदी जैसे रूपहले रंग की धारियां अथवा धब्बे होते हैं। इसके शल्कों के पिछले किनारे बड़े तेज और नुकीले होते हैं। इसका सर बड़ा और जबड़े बहुत मजबूत होते हैं। इसकी आंखें काफी बड़ी होती हैं एवं इनकी संरचना इस प्रकार की होती है कि इसे रात के समय भी साफ दिखाई देता है। गिलहरी मछली के शल्कों के कांटों के समान ही इसके सर और गलफड़ा आवरणाें (गिलकवर्स) पर भी नुकीले कांटे होते हैं। इसके मीनपंखों की संरचना ने इसे तेज और कुशल शिकारी मछली बना दिया है। इसके साथ ही यह कोपपाड तथा इसी प्रकार के अन्य छोटे-छोटे समुद्री जीव-जंतुओं को भी अपना आहार बनाती है। मादा गिलहरी मछली में आंतरिक निषेचन पाया जाता है। यह समागम के बाद अंडे देती है। इसके अंडे शीघ्र ही परिपक्व होकर फूटते हैं और इनसे छोटे-छोटे लारवे निकल आते हैं। मानव इसका लंबे समय से शिकार कर रहा है और भोजन के रूप में इसका उपयोग कर रहा है। हवाई द्वीपों के मूल निवासियों को गिलहरी मछली बहुत पसंद है। ये प्रतिवर्ष बहुत बड़ी संख्या में गिलहरी मछलियों का शिकार करते हैं और खाते हैं।

-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर