अखण्ड भारत के स्वप्नद्रष्टा थे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी

भारतीय राजनीति से डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का गहरा नाता हुआ करता था। वे जम्मू-कश्मीर को भारत का पूर्ण और अभिन्न अंग बनाना चाहते थे। उस समय जम्मू-कश्मीर का अलग झण्डा और अलग संविधान था। वहां का मुख्यमंत्री (वजीरे-आजम) अर्थात् प्रधानमंत्री कहलाता था। वे अखंड भारत के सपने को आकार देते हुए जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर एक देश-एक निशान-एक संविधान को लागू करने के लिये संघर्षरत रहे। उन्हें उनकी अलग विचारधारा के लिए जाना जाता था। उन्होंने हमेशा हिंदुत्व के लिए अपनी आवाज़ उठाई थी। अखंड भारत के संकल्प के साथ डा. मुखर्जी ने अपने प्राणों को आहुत किया। नरेन्द्र मोदी सरकार ने डा. मुखर्जी के अखंड भारत के सपने को आकार देते हुए जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर एक देश-एक निशान-एक संविधान को लागू कर राष्ट्र उन्हें वास्तविक श्रद्धांजलि दे रहा है। 
डॉ. मुखर्जी भारतीय जनसंघ के संस्थापक, सच्चे अर्थों में मानवता के उपासक, कुशल राजनेता, राष्ट्रीयता के समर्थक और सिद्धांतवादी थे। जब कभी भारत की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रीयता की बात होगी तब-तब डा. मुखर्जी द्वारा राष्ट्रजीवन में किये गए योगदान की चर्चा अवश्य होगी। अगस्त 1952 में जम्मू की विशाल रैली में उन्होंने अपना संकल्प व्यक्त किया था कि या तो मैं आपको भारतीय संविधान प्राप्त कराऊंगा या फिर इस उद्देश्य की पूर्ति के लिये अपना जीवन बलिदान कर दूंगा। उन्होंने तत्कालीन नेहरू सरकार को चुनौती दी तथा अपने दृढ़ निश्चय पर अटल रहे। अपने संकल्प को पूरा करने के लिये वे 1953 में बिना परमिट लिये जम्मू-कश्मीर की यात्रा पर निकल पड़े। वहां पहुंचते ही उन्हें गिरफ्तार कर नज़रबंद कर लिया गया। 23 जून 1953 को रहस्यमय परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हो गयी। डॉ. मुखर्जी निरन्तर राष्ट्र श्रद्धा के प्रतीकों का मान एवं रक्षण करते रहे। वे सदैव देशहित में स्वदेशी चेतना, स्वदेशी जीवन पद्धति, स्वदेशी वेशभूषा तथा स्वदेशी संस्कार के प्रकटीकरण पर बल दिया। वे सच्चे अर्थों में राष्ट्रधर्म का पालन करने वाले साहसी, निडर एवं जुझारु कर्मयोद्धा थे। जीवन में जब भी निर्माण की आवाज़ उठेगी, पौरुष की मशाल जगेगी, सत्य की आंख खुलेगी एवं अखण्ड राष्ट्रीयता की बात होगी, डा. मुखर्जी के अवदानों को सदा याद किया जायेगा।
डा. मुखर्जी के व्यक्तित्व के राजनीतिक आयाम पर बहुत कुछ लिखा गया है, परंतु ऐसा प्रतीत होता है कि बहुत कुछ लिखा जाना शेष है। उनका व्यक्तित्व उनके राजनीतिक जीवन से इतर भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनका व्यक्तित्व विराट था। वे शिक्षाविद् थे, प्रशासक थे, समाजसेवी थे, लोकतंत्र के पुरोधा थे और राजनेता थे। विभिन्न भूमिकाओं में उन्होंने अपना श्रेष्ठ योगदान किया। कश्मीर का आंदोलन केवल राष्ट्रीयत्व के आधार, भारत की एकता की रक्षा के लिए ही नहीं, अपितु लोकतंत्र की आत्मा नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए भी था। उनके बलिदान ने स्पष्ट करा दिया कि भारत के नागरिक के मौलिक अधिकार कितने सुरक्षित हैं।
डा. मुखर्जी के पद चिन्हों पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जब से देश की बागडोर अपने हाथों में ली है, तब से कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाने, भारतीय संस्कृति की शिक्षा एवं संस्कार को आधार मानते हुए सारे विश्व में इसके प्रसार के लिए वे अग्रदूत की भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। मोदी न केवल भारतीय संस्कृति के ज्ञान को माध्यम बनाकर विश्व समुदाय को जीवन जीने का नवीन मार्ग बता रहे हैं, बल्कि भारत को एक बार फिर जगतगुरु के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह बात हाल ही में की गयी अमरीका एवं मिस्र की यात्रा में बढ़-चढ़कर उजागर हुई। डा. मुखर्जी के दृष्टिकोण एवं संकल्पों को मोदी ने ‘माय आइंडिया ऑफ इंडिया’ के रूप में कई बार संसार के समक्ष भी रखा है। मोदी ने डॉ. मुखर्जी के व्यापक दृष्टिकोण एवं भारत को लेकर उनके सपनों को निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से प्रस्तुति दी है। देश और दुनिया में उनकी विचारधारा एवं सपनों को प्रभावी ढंग से न केवल प्रस्तुति दी है बल्कि उन अधूरों सपनों को पूरा भी करने की ओर डग भरे हैं। 
डॉ. मुखर्जी इस धारणा के प्रबल समर्थक थे कि सांस्कृतिक दृष्टि से हम सब एक हैं। इसलिए धर्म के आधार पर वे विभाजन के कट्टर विरोधी थे। वे मानते थे कि विभाजन संबंधी उत्पन्न हुई परिस्थिति ऐतिहासिक और सामाजिक कारणों से थी। वे मानते थे कि आधारभूत सत्य यह है कि हम सब एक हैं। हममें कोई अन्तर नहीं है। हम सब एक ही रक्त के हैं। एक ही भाषा, एक ही संस्कृति और एक ही हमारी विरासत है। परन्तु उनके इन विचारों को अन्य राजनैतिक दल के तत्कालीन नेताओं ने अन्यथा रूप से प्रचारित-प्रसारित किया। बावजूद इसके आम लोगों के दिलों में उनके प्रति अथाह प्यार और समर्थन बढ़ता गया। अगस्त, 1946 में मुस्लिम लीग ने जंग की राह पकड़ ली और कलकत्ता में भयंकर बर्बरतापूर्वक अमानवीय मारकाट हुई। उस समय कांग्रेस का नेतृत्व सामूहिक रूप से आतंकित था।
 उन्होंने एक नई पार्टी बनायी जो उस समय विरोधी पक्ष के रूप में सबसे बड़ा दल था। अक्तूबर, 1951 में भारतीय जनसंघ का उद्भव हुआ।
डॉ. मुखर्जी का सम्पूर्ण जीवन विशेषताओं एवं विलक्षणताओं का समवाय था। वे सिर्फ 33 साल की उम्र में कलकत्ता यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर बन गए। करीब 20 से ज्यादा यूनिवर्सिटीज में इन्होंने कन्वोकेशन एड्रेस किया। वे जितने सक्षम राजनेता थे, उतने ही प्रभावी लेखक भी थे, उनका प्रचूर साहित्य आज भी भारत का पथ-दर्शन कर रहा है। समानता के पक्षधर एवं राष्ट्रवाद के सच्चे महानायक को उनकी जन्म जयन्ती पर विनम्र नमन।


मो- 9811051133