ब्यास नदी में पानी 97500 क्यूसेक तक पहुंचा, 740.00 गेज येलो अलर्ट को किया पार 

ढिलवां, (कपूरथला) 15 अगस्त (प्रवीण कुमार, गोबिंद सुखीजा)- हिमाचल प्रदेश के बांधों में जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण यहां ब्यास नदी में कल जलस्तर 61 हजार 900 क्यूसिक दर्ज किया गया। मंगलवार की सुबह 9 बजे से जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। विभाग के गेज रीडर उमेद सिंह से मिली जानकारी के अनुसार ब्यास नदी से आज सुबह 9 बजे 739.70 गेज 83 हजार 100 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है, जो लगातार बढ़ रहा है। शाम 7 बजे मिली जानकारी के अनुसार 740.30 गेज और 97500 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया है, जो पिछले दिनों से कहीं ज्यादा है। इसके साथ ही ब्यास नदी अब येलो अलर्ट को पार कर गई है, जिसके चलते नदी से सटा मंड क्षेत्र फिर से पानी की चपेट में आ गया है।