नये साल पर धमाल मचाते हैं दुनिया के ये सबसे उत्सवधर्मी शहर

साल 2024 के स्वागत की उल्टी गिनतियां शुरु हो चुकी हैं और इसी के साथ ही शुरु हो गयी हैं तैयारियां मौजूदा साल को अलविदा कहने की। यूं तो पूरी दुनिया में हर शहर में नये साल का जश्न मनाया जाता है, लेकिन दुनिया के 5 ऐसे बेहद उत्सवधर्मी शहर हैं, जहां यह धमाल देखते ही बनता है। इनमें पहला नंबर न्यूयार्क का आता है। अमरीका के इस तेज़ रफ्तार और आधुनिक टेक के मक्का कहे जाने वाले शहर में नये साल का उत्सव कुछ इस कदर मनाया जाता है, मानो इस उत्सव के सिवा दुनिया में खुश होने की कोई दूसरी चीज ही न हो। न्यूयार्क शहर में मनाया जाने वाला नये साल का जश्न हॉलीवुड फिल्मों की तरह दुनिया में अपने ढंग का अकेला है। शहर के टाइम्स स्क्वायर में देश विदेश के हजारों लोग नये साल का स्वागत करने के लिए इकट्ठा होते हैं और सारी रात खाते पीते और नाचते गाते हैं। यहां हर साल इस भव्य समारोह में दुनिया के अनेक महत्वपूर्ण संगीतकार अपनी प्रस्तुतियां देते हैं।
नये साल का उत्सव मनाने के लिए दुनिया के जिस दूसरे शहर में बड़ी संख्या में दुनियाभर से आकर लोग इकट्ठा होते हैं, वह है- रियो डी जेनेरियो। इस शहर में नये साल का उत्सव मनाने के लिए लोग विश्व प्रसिद्ध कोपाकबाना बीच पर सफेद कपड़े पहनकर एकत्र होते हैं। यह इस शहर की ही नहीं बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी नये साल का स्वागत करने वाली पार्टी होती है। एक जमाने में रियो डी जेनेरियो के इस न्यू ईयर वेलकम पार्टी को जंगल पार्टी समारोह में गिना जाता था, आज ये दुनिया की सांस्कृतिक धरोहर में शुमार है। कोपाकबाना बीच में यह पार्टी रात 8 बजे शुरु होती है और सुबह 8 बजे तक चलती है। इस पार्टी में भी दुनिया के मशहूर डीजे और प्रसिद्ध ब्राजीलियाई कलाकार शामिल होते हैं। 
दुनिया का तीसरा सबसे उत्सवधर्मी शहर लंदन है। यहां 31 दिसम्बर की रात जैसे ही 12 बजते हैं, ठीक उसी समय टेम्स नदी के तट पर मौजूद हज़ारों लोग बिग बेन चमचमाती आतिशबाजी का हिस्सा हो जाते हैं। यहां लोग इस आतिशबाजी के जश्न में हिस्सा लेने के लिए टिकट खरीदते हैं और आकाश चूमती आतिशबाजी को देखकर रोमांचित होते हैं। लंदन के कई कॉमेडी क्लबों में भी अपने ढंग से नये साल का जश्न मनाया जाता है। माना जाता है कि लंदन जश्नों की राजधानी है और यह सही ही माना जाता है, क्योंकि 31 दिसम्बर की रात पूरा लंदन नये साल की अगुवानी के लिए बिल्कुल रंग बिरंगी झांकियों, मार्चिंग बैंड और रानी के घोड़ों के जुलूस की परेड में डूबा होता है। 
फैशन की वैश्विक राजधानी और सौंदर्यबोध के प्रतिमान तय करने वाला शहर पेरिस भी नये साल की पूर्वसंध्या पर मनाये जाने वाले अपने जश्न के लिए पूरी दुनिया में उत्सवधर्मी शहर के रूप में विख्यात है। एफिल टॉवर का यह शहर वाकई 31 दिसम्बर की रात दुनिया की रोमांटिक राजधानी में तब्दील हो जाता है। इसके इस रोमांस को तब और चार चांद लग जाते हैं, जब एफिल टॉवर के मैदान में रंगबिरंगी गगन चूमती रोशनी के शरारे आसमान में दुनिया के लिए उम्मीदों के नये स्लोगन रचते हुए रोशनी का रंगीन उजास बिखेरते हैं। यहां गोपनीयता पसंद करने वाले लोगों के लिए भी इस जश्न के आनंद लेने की व्यवस्था है। ऐसे लोग बेहद खूबसूरत और साफ सीन नदी पर इस रात नाव की सवारी करते हैं और दुल्हन की तरह सजे पेरिस की खूबसूरती पर रीझते हैं। वास्तव में यह सांस्कृतिक अनुभवों का एक साझा विश्व मंच भी है, इसलिए इस रात दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से आये मशहूर संगीतकार एफिल टॉवर के प्रांगण में अपनी कला और संस्कृति से समां बांधते हैं।
सिडनी नये साल की पूर्वसंध्या पर भव्य जश्न की प्रस्तुति रचने वाला दुनिया का एक और मशहूर शहर है। यहां की भव्य आतिशबाजी भी लोगों को सम्मोहित कर देती है। सिडनी की आतिशबाजी इतनी तीव्र और इतनी लयात्मकता से भरी होती है कि कहते हैं 16 किलोमीटर तक यहां होने वाली आतिशबाजी की आवाज सुनायी पड़ती है और उसके रंगबिरंगे रंग दिखाई पड़ते हैं। यहां रात 9 बजे से यह सिलसिला शुरु होता है और सुबह 4 बजे तक चलता रहता है। सिडनी में नये साल के जश्न के महत्वपूर्ण हिस्सों में एक वाटरफ्रंट का हिस्सा भी है, जहां देशभर के आये कलाबाज भाग लेते हैं और अपने कौशल का प्रदर्शन करते हैं। सिडनी के इस समारोह की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुनियाभर में इस समारोह को टीवी पर देखने वाले लोगों की संख्या करोड़ों में होती है।
 

-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर