बड़े काम का होता है कपूर

हिन्दू समाज में कपूर का प्रयोग किसी न किसी रूप में किया जाता है कभी कपूर जलाकर आरती के लिए किया जाता है, कभी घर में कई कामों और स्वास्थ्य हेतु भी किया जाता है। आइए जानें कपूर के विभिन्न प्रयोगों के बारे में।
बालों की मजबूती देता है कपूर
बालों की मजबूती के लिए नारियल के तेल में कपूर डालकर बालों की जड़ों में हल्के हाथों से मालिश करें, बाल मजबूत होंगे। इसे सरसों के तेल में मिलाकर भी बालों की जड़ों में लगाने से बालों की रूसी, जुएं, बालों का गिरना इत्यादि समस्याएं दूर होती हैं। 100 ग्राम तेल में चार ग्राम कपूर मिलाकर एक बाटल में रख लें। फिर इसका प्रयोग ज़रूरत अनुसार करते रहें।  
सर्दी जुकाम में
रूमाल में कपूर की एक टिकिया लपेटकर सूंघते रहने से राहत मिलती है।
कीड़ों से छुटकारा
तकिये के नीचे रखने या पलंग के चारों पाहों पर कपूर की पोटली बांधने से खटमल नहीं आते। ऊनी, रेशमी कपड़ों को संभालते समय कपूर की टिकिया पोटली में बांधकर कपड़ों के बीच में रखने से कपड़ों में कीड़ा नहीं लगता। 
त्वचा के लिए लाभप्रद
खाज, खुजली होने पर नारियल के तेल में कपूर व गंधक का पाउडर मिलाकर लगाने से लाभ मिलता है। मुंहासों पर भी कपूर का तेल लगाने से लाभ मिलता है।
आग से जलने पर उसके दागों को दूर करने में सहायक
आग से जलने या चोट लगाने के कारण जो त्वचा पर दाग पड़ जाते हैं उसके लिए थोड़ा सा कपूर पानी में मिलाकर दाग पर नियमित लगाने से लाभ कुछ दिनों बाद होने लगता हैं। 
सिरदर्द व जोड़ों के दर्द में लाभ
कपूर को नींबू के रस में मिलाकर सिर पर मलने से सिरदर्द में आराम मिलता है। कपूर, चंदन को तुलसी के रस में घिसकर लेप तैयार करें उस लेप को माथे पर लगाने से सिरदर्द में लाभ मिलता है। कपूर के तेल से जिस जोड़ में दर्द हो रहा हो, उस स्थान पर लगा कर मालिश करें। दर्द में आराम मिलेगा। मांसपेशियों में दर्द होने पर भी कपूर के तेल की मालिश करने से आराम मिलता है।
इसके अतिरिक्त लाभ
फटी एड़ियों को ठीक करने में कपूर लाभप्रद है। गर्म पानी को टब में डालकर उसमें कपूर मिलाकर 10-15 मिनट तक पैर रखकर बैठें। एड़ियां स्वस्थ रहेंगी।
देसी घी में कपूर मिलाकर रात को सोते समय पैरों के तलवों पर मालिश करने से अच्छी नींद आती है।
कपूर की सुगंध से जीवाणु, विषाणु, बीमारी फैलाने वाले जीव नष्ट होते हैं। वातावरण शुद्ध होता है। 
 

(स्वास्थ्य दर्पण)

#बड़े काम का होता है कपूर