भारत के लोकप्रिय लैंडमार्क थार का द्वार है मरुनगरी जोधपुर
मरुनगरी जोधपुर भारत के नक्शे में एक खास पहचान रखती है। यह ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से भारत ही नहीं ग्लोबल पर्यटन का भी एक विशिष्ट डेस्टिनेशन है, जहां इस भूमंडलीय दौर में दुनियाभर के अभिजात्य पर्यटक, विरासत, अतिथि और विशिष्ट ब्रांडिंग का अनुभव महसूस करने के लिए आते हैं। जोधपुर भारत के पश्चिमी राज्य राजस्थान में स्थित एक ऐतिहासिक शहर है, जिसे मरुनगरी और थार का द्वार जैसे नामों से भी जाना जाता है। यह भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट एक महत्वपूर्ण रणनीतिक शहर भी है। जोधपुर ऐतिहासिक रूप से राठौर वंश की राजधानी मारवाड़ रियासत का हिस्सा है। इसे राव जोधा ने सन् 1459 में स्थापित किया था। यहां स्थित मेहरानगढ़ किला भारत के सबसे विशाल और मज़बूत किलों में गिना जाता है। जोधपुर का नाम लेते ही दिलोदिमाग में राजपूती शौर्य, स्वाभिमान और युद्धक परिदृश्य की अनुभूति उभरने लगती है। जोधपुर दुनिया के उन गिने चुने शहरों में से एक है जिसकी अपनी विशिष्ट संस्कृति है। पूरे शहर में घरों की जो नीली रंगत है, वह रंगत भी इसे एक अनोखी पहचान देती है और जोधपुर को ब्लू सिटी का तमगा भी प्रदान करती है। सांस्कृतिक दृष्टि से यह शहर बहुत समृद्ध है। यहां का अपना प्रसिद्ध लोकसंगीत है। लोक नृत्यों में कालबेलिया और घुमर का नाम पूरी दुनिया जानती है। यहां के ऊंट उत्सव इस शहर को विश्व पर्यटन के नक्शे में विशिष्ट जगह मुहैय्या कराते हैं और यहां की लोगों की रंग-बिरंगी कढ़ाईदार पोशाकें उन्हें भीड़ में अलग करती हैं। जोधपुर की अपनी एक लोकल डायलेक्ट भी है, जिसे मारवाड़ी भाषा कहते हैं और यहां के खानपान में भी दाल बाटी चूरमा और मिर्ची बड़ा की तूती पूरे राजस्थान में बजती है। पर्यटन की दृष्टि से जोधपुर भारत के नहीं बल्कि दुनिया के पर्यटन नक्शे का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां स्थित मेहरानगढ़ किला, उम्मेद भवन पैलेस, जसवंत थड़ा और मंडोर गार्डन यहां आने वाले पर्यटकों की जुबान में रहते हैं। रेगिस्तान सफारी का भी यह सबसे जीवंत अनुभव प्रदान करने वाला शहर है। इस सबके अलावा यह शहर जहां भारतीय वायु सेना का एक बड़ा बेस है, जो पश्चिमी सीमा की सुरक्षा में अहम योगदान अदा करता है, वहीं जोधपुर का हथकरघा, फर्नीचर और कारीगरी उद्योग भारत के अंतर्राष्ट्रीय निर्यात में बड़ी हिस्सेदारी हासिल करता है। जोधपुर पश्चिम भारत का एक ऐसा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगर है, जो राजस्थान की ही नहीं समूचे भारत की पहचान को अपने बल पर सशक्त करता है। इन दिनों विश्व पर्यटन में जोधपुर एक बड़ी ब्रांडिंग बनकर उभरा है, तो इसके पीछे यहां के रॉयल एक्सपीरियंस का योगदान है। दुनियाभर के अमीर और प्रीमियम टूरिस्ट जोधपुर आकर यहां की स्थानीय संस्कृति और शाही अनुभव का हिस्सा बनना चाहते हैं। दुनिया के अनेक धनवान सेलिब्रिटी यहां शादी करके दुनिया में नाम कमाते हैं। जोधपुर का उम्मेद भवन पैलेस शाही लग्जरी और रॉयल स्टेट्स का वैश्विक सिंबल बन चुका है। प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने इसी महल में शादी करके रातोंरात पूरी दुनिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान पायी थी। विदेशी पर्यटकों के लिए यह एक ऐसा हेरिटेज कल्चरल सिटी है, जहां दुनिया की सबसे ज्यादा लग्जरी सुविधाएं उपलब्ध है। जोधपुर के फाइव स्टार होटल भारत के सबसे सुविधा सम्पन्न और महंगे पांच सितारा होटल हैं, जो सुविधा दुनिया के किसी भी कोने में मिलनी मुश्किल होती हैं, वो सारी सुविधाएं जोधपुर के इन बेहद महंग होटलों में बड़ी सहजता से उपलब्ध होती हैं।
यही कारण है कि जोधपुर विश्व में मानचित्र में सबसे महंगे और सबसे खास पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में जाना जाता है। विदेशी पर्यटकों को यह शहर बहुत पसंद है, लेकिन 90 प्रतिशत से ज्यादा विदेशी पर्यटकों की हैसियत में यह शहर घूमना नहीं होता। यही कारण है कि बहुत धनवान विदेशी पर्यटक ही यहां घूमने आते हैं। शादी और प्री-वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में इस शहर में दुनिया के कोने कोने में अपनी पहचान बनायी है। यहां के रिसॉट्स और किले दुनिया में शादी के लिए सबसे लग्जरी सुविधाएं प्रदान करते हैं। बॉलीवुड और एनआरआई कम्युनिटी के बीच भी यह बहुत लोकप्रिय है और क्लास तथा ट्रेडिशन का पर्फेक्ट मिलन है। आज के डिजिटल वर्ल्ड में जोधपुर दुनिया के सबसे फोटोजेनिक और इंस्टाग्राम फ्रेंडली सिटी के रूप में जाना जाता है। यहां की स्वर्ग सरीखी नीली गलियां, विशाल रेगिस्तानी लैंडस्कैप और स्वप्नील महलों की सेटिंग्स इसे दुनिया का सबसे फोटोजेनिक शहर बनाते हैं।
इसलिए ट्रैवल ब्लॉग्स का यह सबसे पसंदीदा शहर है। इसे ये लोग विजुअल ट्रीट का दर्जा देते हैं। शायद इसकी यह डिजिटल विशिष्टता ही है कि जोधपुर में हमेशा अभिजात्य टूरिस्टों की भरमार रहती है। चूंकि आज यहां की बड़ी बड़ी हवेलियां एयरकूल्ड और क्लाइमेंट कंट्रोल्ड हैं, इसलिए अब यह शहर हर सीजन का पर्यटन केंद्र है। यहां मानसून के मौसम में खास तौरपर हनीमून कपल्स आना पसंद करते हैं क्योंकि अरावली की हरियाली मनमोह लेने वाली होती है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर