धान से अटी पड़ी छछरौली की नई अनाज मंडी, किसान बोले नहीं हो रही खरीद

यमुनानगर (कुलदीप सैनी), 14 अक्टूबर - हरियाणा में 27 सितंबर से धान की खरीद शुरू हो चुकी है और अब सीजन अपने पीक पर है। लेकिन यमुनानगर की ज्यादातर अनाज मंडियां धान की फसल से अटी पड़ी है। इससे न सिर्फ किसान परेशान है बल्कि आढ़ती भी आहत है। मंडी सचिव का कहना है की व्यवस्था पूरी है और उठान भी किया जा रहा है। हरियाणा में धान की खरीद ज़ोरो-शोरों से चल रही है। लेकिन मंडी में धान का उठान सही तरीके से नहीं हो रहा है जिससे धान से भरी बोरियां मंडी की शोभा बढ़ाती नज़र आ रही है। धान से भरी बोरियों के ऊंचे ऊंचे टीले छछरौली की नई अनाज मंडी में नज़र आ रहे हैं। किसानों का कहना है कि कल शाम को हम अपना अनाज लेकर मंडी में पहुंचे थे लेकिन धान में नमी होने के कारण हमारी फसल अभी तक नहीं बिकी  है जिससे हमें काफी परेशानी हो रही है। कुछ किसानों का कहना है की मंडी से धान भी चोरी हो रही है। इसके अलावा संजीव आढती ने बताया कि सरकार की तरफ से धान खरीद के पुख्ता इंतजाम किए हैं जो धरातल पर नज़र भी आ रहे हैं। हालांकि हमारी कुछ मांग है उम्मीद करते हैं कि मुख्यमंत्री नायब सैनी उस मांग को जल्द पूरा भी करेंगे। मंडी सचिव ऋषिराज का कहना है कि किसानों और मज़दूरों के लिए पुख्ता बंदोबस्त मंडी में किए गए हैं और सही समय पर धान का उठान भी किया जा रहा है। छछरौली, प्रतापनगर ओर खारवन की मंडियों में आधे से ज्यादा धान का उठान हो चुका है और जो बचा है उसे भी जल्द उठा लिया जाएगा।