सिलिकॉन वैली ऑफ इंडिया बना बेंग्लुरु

कर्नाटक की राजधानी बेंग्लुरु भारत का तीसरा सबसे बड़ा महानगर और पांचवां सबसे बड़ा महानगरीय क्षेत्र है। वर्तमान में इसकी आबादी करीब 1 करोड़ 20 लाख के आसपास है। भारत के दक्कन के पठार पर 900 मीटर की औसत ऊंचाई पर स्थित यह नगर भले एक जमाने में अपने सुहाने मौसम के लिए देश विदेश में जाना जाता रहा हो, लेकिन आज इसकी पहचान ‘सिलिकॉन वैली ऑफ इंडिया’ के रूप में है। इसे सिटी ऑफ गार्डन के नाम से भी जाना जाता है। लेकिन आज इसकी इन सब पहचानों पर भारी इसकी सिलिकॉन वैली ऑफ इंडिया की पहचान है। आज बेंग्लुरु को अगर इस विश्व प्रसिद्ध पहचान के अलावा किसी और दूसरी पहचान के नाम से तेज़ी से जाना जाना शुरु हुआ है, वह है ‘स्टार्टअप कैपिटल ऑफ इंडिया’। 
बेंग्लुरु को सिलिकॉन वैली ऑफ इंडिया, इसके सॉफ्टवेयर उद्योग की वजह से कहा जाता है। कैलिफोर्निया की सिलिकॉन वैली की तरह बेंग्लुरु भी तकनीकी नवाचार का गढ़ है। कैलिफोर्निया के बाद सॉफ्टवेयर के क्षेत्र में यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा तकनीकी केंद्र है, विशेषकर आउटसोर्सिंग और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट के मामले में। बेंग्लुरु आईटी उद्योग का कितना बड़ा गढ़ है, इसको इसी बात से जाना जा सकता है कि मार्च 2024 तक बेंग्लुरु के आईटी सॉफ्टवेयर उद्योग का कुल टर्नओवर लगभग 120 बिलियन अमरीकी डॉलर था यानी 10 लाख करोड़ रुपये। भारत का वार्षिक बजट जहां 30 से 32 लाख करोड़ रुपये का होता है, उस नज़र से देखें तो बेंग्लुरु का सॉफ्टवेयर उद्योग भारत के सालाना बजट के करीब एक तिहाई है। भारत जितना आईटी प्रोडक्ट निर्यात करता है, उसमें 40 प्रतिशत निर्यात अकेले बेंग्लुरु से होता है। यहां के स्टार्टअप्स और यूनिकॉर्न कंपनियां सिर्फ भारतीय अर्थव्यवस्था में ही अपना प्रभाव नहीं डाल रहीं बल्कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर रही हैं। 
भारत के सभी महानगरों में सबसे ऊंचाई पर यही उद्यान नगर बसा है और यह ऊंचाई सिर्फ भौगोलिक ऊंचाई तक सीमित नहीं है, जिस तरह से बेंग्लुरु आधुनिक आईटी इंडस्ट्री का वैश्विक केंद्र बनकर उभरा है, उसके चलते अगर बहुत ही जल्द बेंग्लुरु कमाई के लिहाज से भी देश का सबसे ऊंचे पायदान वाला महानगर बन जाए तो इसमें किसी को आश्चर्य नहीं होगा। क्योंकि सॉफ्टवेयर उद्योग के बाद दुनिया की चौथी औद्योगिक क्रांति के रूप में जिस रोबोटिक इंडस्ट्री का उभार हो रहा है, आने वाले सालों में बेंग्लुरु उस इंडस्ट्री का भी चैंपियन बनेगा। पिछली 14 शताब्दियों से अलग-अलग भारतीय राजवंशाें से लेकर, मुगलों और अंग्रेजाें तक के लिए महत्वपूर्ण रहे इस शहर का आईटी हब के रूप में उभरना, इसके कद को भारत की सीमाओं से परे जाकर विश्व परिदृश्य के लिए महत्वपूर्ण बन जाना है। 
यही कारण है कि आज दुनिया के किसी भी कोने में मौजूद किसी यूनिवर्सिटी के छात्रों से अगर दुनिया की आईटी हब के रूप में दो सबसे बड़े शहरों का नाम पूछेंगे तो वे उनमें से एक नाम बेंग्लुरु ही बताएंगे। ऐसा हो भी क्यों न। कैलिफोर्निया के सिलिकॉन वैली के बाद दुनिया का सबसे बड़ा आईटी हब बेंग्लुरु ही है। बेंग्लुरु ही भारत का वह शहर है जहां बड़े पैमाने पर स्टार्टअप्स जन्में हैं। सिर्फ स्टार्टअप और आईटी हब के लिए ही नहीं, यह शहर अपनी मजबूत शैक्षणिक परंपरा और अनुसंधान केंद्र के रूप में भी मशहूर है। भारतीय विज्ञान संस्थान, इसरो और इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट यहीं स्थित हैं। साथ ही यह एयरो स्पेस और रक्षा अनुसंधान केंद्र के रूप में भी मशहूर है। 
वैसे इसकी एक पारंपरिक छवि गार्डन सिटी के रूप में भी है। लालबाग, बॉटनिकल गार्डन और कुब्बन पार्क पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण रहते हैं। बेंग्लुरु की नाइट लाइफ और सांस्कृतिक वातावरण युवाओं के बेहद अनुकूल है। शायद इसीलिए यह आविष्कारों और नये आइडियाज का शहर है। वास्तुकला की नज़र से बेंग्लुरु का सबसे चर्चित लैंडमार्क यहां की विधानसभा सौंध है, जो कर्नाटक राज्य की विधानसभा इमारत होने के साथ-साथ भव्य द्राविडियन वास्तुकला का प्रतीक है। लेकिन बार-बार घूमकर बेंग्लुरु की खासियत इसके आईटी हब की ओर ही लौट आती है। सिलिकॉन वैली की उपाधि भी इसे इसी वजह से मिली है, जो आज इस शहर का सबसे बड़ा और लोकप्रिय परिचय है, न सिर्फ भारत में बल्कि पूरी दुनिया में। 
बेंग्लुरु में आज से नहीं पिछली सदी के 90 के दशक से ही दुनिया की सारी बड़ी मल्टीनेशनल कंपनियों ने अपने ऑफिस खोलने शुरु कर दिए थे। आज यहां आईटी क्षेत्र के कुशल तकनीकी श्रमिकों की बहुलता है। इस कारण यहां का समूचा वातावरण स्टार्टअप्स और आईटी पार्कों के अनुकूल है। अपनी इसी विशिष्टता के कारण बेंग्लुरु आईटी तकनीकी और अनुसंधान का वैश्विक केंद्र बन गया है। तकनीकी विशेषज्ञता, सांस्कृतिक विविधता और कुदरत से मिले मोहक वातावरण के कारण बेंग्लुरु भारत ही नहीं विश्व के महानगरों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। -इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#सिलिकॉन वैली ऑफ इंडिया बना बेंग्लुरु