भारत को मालदीव का सबसे भरोसेमंद मित्र होने पर गर्व है- प्रधानमंत्री मोदी

माले (मालदीव), 25 जुलाई - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "सबसे पहले सभी भारत वासियों की ओर से मैं राष्ट्रपति और मालदीव के लोगों को स्वतंत्रता के 60 वर्षों की ऐतिहासिक वर्षगांठ पर हार्दिक शुभखामनाएं देता हूं। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने के लिए मैं राष्ट्रपति का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। इस साल भारत और मालदीव अपने राजनयिक संबंधों की भी 60वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। हमारी संबंधों की जड़ें इतिहास से भी पुरानी है। आज जारी किया गया डाक टिकट दर्शाता है कि हम केवल पड़ोसी नहीं हैं, सहयात्री भी हैं। 
भारत मालदीव का सबसे करीबी पड़ोसी है, मालदीव भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और महासागर विज़न दोनों में एक अहम स्थान रखता है। भारत को मालदीव का सबसे भरोसेमंद मित्र होने पर गर्व है। आपदा हो या माहामारी, भारत हमेशा फर्स्ट रिस्पॉन्डर बनकर साथ खड़ा रहा है। हमारे लिए दोस्ती हमेशा पहले स्थान पर है। पिछले साल अक्टूबर में राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान हमने व्यापक आर्थिक और समुद्री सुरक्षा साझेदारी का विजन साझा किया था, अब यह हकीकत बन रहा है और उसी का परिणाम है कि हमारे संबंध नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। भारत के सहयोग से बनाए गए 4000 सोशल हाउसिंग यूनिट्स अब मालदीव में कई परिवारों का नया आशियाना होंगे। जल्द ही फेरिस सिस्टम की शुरूआत से अलग-अलग द्वीपों के बीच आवागमन और आसान होगा। हमारी विकास साझेदारी को नई उड़ान देने के लिए हमने मालदीव के लिए लगभग 5 हजार करोड़ की लाइन ऑफ क्रेडिट देने का निर्णय लिया है। 

हमारी आर्थिक साझेदारी को गति देने के लिए हमने कई कदम उठाए हैं। आपसी निवेश को गति देने के लिए हम शीघ्र ही द्विपक्षीय निवेश संधि को अंतिम रूप देने की दिशा में काम करेंगे, मुक्त व्यापार समझौते पर भी बातचीत शुरू हो गई है। हमारा लक्ष्य कागजी काम से समृद्धि तक है।    
रक्षा और सुरक्षा क्षेत्र में आपसी सहयोग आपसी विश्वास का परिचायक है। रक्षा मंत्रालय की बिल्डिंग जिसका आज उद्घाटन किया जा रहा है इस विश्वास की मजबूत इमारत है, हमारी मजबूत साझेदारी का प्रतीक है। हमारी साझेदारी अब मौसम विज्ञान में भी होगी। मौसम चाहे जैसा हो हमारी मित्रता सदैव उज्ज्वल और स्पष्ट रहेगी। हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि हमारा साझा लक्ष्य है। 
 

#भारत
# मालदीव
# प्रधानमंत्री मोदी