सीएम सुक्खू का बड़ा बयान: "कांग्रेस हाईकमान जिसे चाहे बनाए अध्यक्ष, मेरे लिए सब बराबर"
शिमला, 24 अगस्त - (चमन शर्मा) - मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने साफ कहा है कि कांग्रेस हाईकमान जिसे भी प्रदेश अध्यक्ष बनाए, उनके लिए सब बराबर है। उन्होंने दो टूक कहा कि अब पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है और सभी कांग्रेस विचारधारा के साथ खड़े हैं। ऐसे में हाईकमान जिस भी नेता को अध्यक्ष चुनेगा, उसे पूरा समर्थन मिलेगा। सुक्खू शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में हमेशा फर्क रहता है। प्राकृतिक आपदा पर नियम-67 के तहत सदन में हुई चर्चा के बाद भाजपा का वॉकआउट करना गलत था। उन्होंने बताया कि कांग्रेस विधायकों ने पहले नियम-130 और फिर नियम-67 के तहत इस विषय पर चर्चा का आग्रह किया, जिस पर 4 दिन तक गंभीर बहस चली। लेकिन जब सरकार ने जवाब देना शुरू किया तो विपक्ष सदन से गायब हो गया। यही नहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर जो नियम-67 की दुहाई दे रहे थे, वह खुद ही सदन में नहीं पहुंचे।