प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्णिया हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का किया उद्घाटन
पूर्णिया (बिहार), 15 सितंबर - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्णिया हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के पूर्णिया में लगभग 36,000 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज यहां बिहार के विकास के लिए करीब 40 हजार करोड़ के परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। रेल, हवाई अड्डे, बिजली, पानी से जुड़ी ये परियोजनाएं सीमांचल के सपनों को पूरा करने का माध्यम बनेगी। आज यहां 40 हजार से ज्यादा लाभार्थियों को पीएम आवास योजना के तहत पक्का घर भी मिला है। इन परिवारों के जीवन में एक नई शुरूआत हुई है। RJD और कांग्रेस के सरकारों के कुशासन का बहुत बड़ा नुकसान इसी क्षेत्र को उठाना पड़ा लेकिन अब NDA सरकार स्थिति बदल रही है। अब ये क्षेत्र विकास के फोकस में है। बिजली के क्षेत्र में बिहार को आत्मनिर्भर करने का काम चल रहा है। यहां भागलपुर की पीरपैंती में 2400 मेगावाट के थर्मल पावर प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया गया है।
बिहार के किसानों के लिए आय का एक साधन मखाने की खेती भी रहा है। लेकिन, पिछली सरकारों में मखाना और मखाना किसानों की भी उपेक्षा की। मैं दावे से कह सकता हूं कि ये जो आजकल यहां आकर चक्कर काटते हैं, उन्होंने मेरे आने से पहले मखाना का नाम भी नहीं सुना होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "बिहार के विकास की ये गति कुछ लोगों को रास नहीं आ रही है। जिन लोगों ने दशकों तक बिहार का शोषण किया। इस मिट्टी को धोखा दिया आज वे ये मानने तो तैयार ही नहीं कि बिहार भी नए कीर्तिमान बना सकता है। बिहार के हर क्षेत्र में हजारों करोड़ के विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। राजगीर में हॉकी का एशिया कप जैसे बड़ा आयोजन हुआ...लेकिन ये सब कांग्रेस और RJD वालों को पच नहीं रहा है। बिहार जब भी आगे बढ़ता है, ये लोग बिहार का अपमान करने में जुट जाते हैं। अभी आपने देखा होगा कि RJD की सहयोगी कांग्रेस पार्टी सोशल मीडिया पर बिहार की तुलना बीड़ी से कर रही है। इन लोगों को बिहार से इतनी नफरत है। इन लोगों ने घोटाले और भ्रष्टाचार करके बिहार की साख को बहुत नुकसान पहुंचाया। कोरोना के बाद से ही हर गरीब को मुफ्त राशन मिल रहा है। क्या कांग्रेस RJD की सरकार में आपको मुफ्त अनाज मिल पाता था क्या? आज आयुष्मान योजना की वजह से हर गरीब को 5 लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा है। जिन लोगों ने आपके लिए अस्पताल तक नहीं बनवाए वे आपको मुफ्त इलाज की सुविधा दे पाते क्या?
कांग्रेस और RJD से न केवल बिहार के सम्मान को खतरा है, बल्कि बिहार की पहचान को भी खतरा है। आज सीमांचल और पूर्वी भारत में घुसपैठियों के कारण डेमोग्राफी का कितना बड़ा संकट खड़ा हो चुका है। बिहार, बंगाल, असम जैसे कई राज्यों के लोग अपनी बहन-बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। इसलिए मैंने लाल किले से डेमोग्राफी मिशन की घोषणा की है। लेकिन, वोटबैंक का स्वार्थ देखिए, कांग्रेस-RJD और उनके इकोसिस्टम के लोग घुसपैठियों की वकालत करने में जुटे हैं, उन्हें बचाने में लगे हैं। और बेशर्मी के साथ ये लोग विदेश से आए घुसपैठियों के लिए नारे लगा रहे हैं, यात्राएं निकाल रहे हैं।