ईडी की विशेष अदालत ने हिमालयन ग्रुप के एमडी को भगोड़ा घोषित किया



शिमला, 11 नवंबर  हिमाचल प्रदेश में ईडी की विशेष अदालत ने  छात्रवृति से जुड़े धनशोधन के एक मामले में हिमालयन ग्रुप ऑफ इंस्टीट््यूशंस (एचजीपीआई) के प्रबंध निदेशक (एमडी) रजनीश बंसल को भगोड़ा घोषित कर दिया है। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि बार-बार समन जारी करने के बावजूद  वह अदालत में पेश नहीं हुआ । समन की प्रतियां आरोपी के कुरुक्षेत्र स्थित आवास, नाहन के अंब स्थित एचजीपीआई और शिमला अदालत के नोटिस बोर्ड पर चिपका दी गईं। इसके बावजूद बंसल अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके बाद अदालत ने कहा कि  आरोपी जानबूझकर अदालती  कार्यवाही से बच रहा है।

इसलिए उसे भगौड़ा घोषित किया गया। ईडी अब उसकी संपत्ति की नीलामी कर सकेगा।
अदालत ने आदेश दिया कि बंसल का नाम ईडी के फरार आरोपियों के रजिस्टर में दर्ज किया जाए। हिमाचल प्रदेश में कई निजी विश्वविद्यालय संचालकों ने अधिकारियों के साथ मिलीभगत करके करोड़ों रुपये का छात्रवृत्ति घोटाला किया है। करोड़ों रुपये की छात्रवृत्ति के गबन के मामले में सीबीआई ने सात मई, 2019 को रजनीश बंसल और अन्य आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।

    ईडी के अनुसार सीबीआई ने आठ अप्रैल, 2024 को रजनीश को गिरफ्तार किया। बाद में अदालत ने उसे जमानत दे दी। मामले में पूछताछ के लिए रजनीश के खिलाफ लगभग पाँच समन जारी किए गए थे। अंतिम वारंट पर रजनीश छह फरवरी, 2025 को ईडी के समक्ष पेश नहीं हुआ। 
 
 

#ईडी