बीजापुर में डीआरजी एवं माओवादी के बीच मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर


बीजापुर, 19 दिसंबर  छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले के थाना भैरमगढ़ अंतर्गत इन्द्रावती क्षेत्र के घने जंगल-पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार को पुलिस और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया। 
      माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी के आधार पर जिला बीजापुर से डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की टीम ने तलाशी अभियान प्रारंभ किया था। अभियान के दौरान आज सुबह से डीआरजी जवानों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी होने की जानकारी पुलिस के द्वारा आधिकारिक तौर पर दी गई है।
     पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मुठभेड़ दुर्गम और घने जंगल क्षेत्र में चल रही है, जहां सुरक्षा बल अत्यधिक सतर्कता के साथ अभियान को अंजाम दे रहे हैं। प्रारंभिक सूचनाओं में एक नक्सली के मारे जाने तथा मौके से हथियार बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि, मुठभेड़ समाप्त होने और तलाशी अभियान पूर्ण होने के बाद ही बरामद सामग्री और अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
     बीजापुर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि इन्द्रावती क्षेत्र में डीआरजी और माओवादियों के बीच मुठभेड़ की स्थिति बनी है। 

 

#बीजापुर