प्रशासन की सतर्कता
बाबा होरु खाणा खुसी खुआरु।।
जितु खाधै तनु पीड़ीअै मन महि चलहि विकार ।। १।।
—गुरु नानक देव जी
अमृतसर में गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि गुरु जी की शिक्षाएं आज भी हमारी मार्ग-दर्शक हैं। ये शिक्षाएं हमारी साझी विरासत हैं। इन पर क्रियान्वयन करके हम अनेक सामाजिक रोगों का उपचार ढूंढ सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब में नशे के बढ़ते प्रचलन पर अपनी चिन्ता व्यक्त की और कहा कि नशा राज्य की गम्भीर समस्या बन कर उभर है, जिसने समूचे समाज को प्रभावित किया है। स्वस्थ समाज के सृजन के लिए इस समस्या का स्थायी समाधान ढूंढा जाना ज़रूरी है। जहां तक आज तरह-तरह के सिंथैटिक नशे का प्रचलन बढ़ रहा है, उसने हमारी युवा पीढ़ी को बेहद प्रभावित किया है। आर्थिक, सामाजिक चरित्र निर्माण के पक्ष से और एक अच्छे समाज के सृजन के पक्ष से इसने बड़ी सीमा तक समाज को खोखला कर दिया है।
पिछली सरकारों ने भी तथा अब आम आदमी पार्टी की सरकार ने भी फैले हुए इस बेहद घातक प्रचलन को रोकने के लिए अपना पूरा ज़ोर लगाया है। राज्य सरकार द्वारा इसके लिए लगातार पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। लगातार तस्करों तथा उनके आकाओं को नकेल डालने के लिए सख्त अभियान भी चलाए जा रहे हैं। जब अमृतसर में राष्ट्रपति इस गम्भीर विषय पर बोल रहे थे तो उसी समय अमृतसर में ही पुलिस द्वारा एक बड़े संगठन के 4 तस्करों को 40 किलो हैरोइन की बड़ी खेप सहित गिरफ्तार किया गया था। इस खेप को ले जाने के लिए इस्तेमाल की जा रही कारों को भी कब्ज़े में लिया गया था। आरोपियों ने अपने आका के निर्देशों पर यह हैरोइन पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर वितरण के लिए प्राप्त की थी। चाहे इनका हैंडलर इसी धंधे के कारण जेल में बंद है परन्तु अंदर से ही वह अपने इस बड़े रैकेट को लगातार चलाए जा रहा है। यह हैरोइन कहां से प्राप्त होती है और सीमापार इस संगठन का क्या आधार है, इस बारे में भी जांच-पड़ताल की जा रही है, परन्तु यह स्पष्ट हो चुका है कि ड्रोनों द्वारा या अन्य स्रोतों द्वारा ये नशे लगातार सीमापार से भेजे जा रहे हैं।
इससे पहले पुलिस ने नशों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया था। 50 किलो हैरोइन पकड़े जाने से संबंधित केस में गिरफ्तार किए गये संदीप उर्फ सीपा की अब पत्नी और मां को भी इसी संबंध में गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे भी 2 किलो हैरोइन और लाखों रुपये बरामद किए गये हैं। ऐसे बहुत सारे तस्करों के पाकिस्तान में रहने वाले तस्करों और गैंगस्टरों के साथ लगातार बड़े संबंध बने हुए हैं, जिस कारण नशों के प्रचलन के साथ-साथ गैंगस्टरवाद को भी बड़ा उत्साह मिल रहा है। लोगों से लगातार फरौती मांगी जा रही है। ऐसा न करने पर उनको गोलियों का निशाना बनाकर डर का माहौल पैदा किया जा रहा है। विदेशों में ये सम्पर्क इस कदर मज़बूत हैं कि प्रशासन और पुलिस के लाख यत्नों के बावजूद भी यह काफी हद तक बने रहते हैं। इस बेहद गम्भीर प्रचलन को रोकने के लिए प्रशासन के साथ-साथ हर वर्ग को सुचेत होने की ज़रूरत होगी। जिन स्थानों पर ये नशे बिकते हैं, वहां के स्थानीय लोगों को प्रभावशाली ढंग से इनको रोकने के लिए प्रशासन को सहयोग देना पड़ेगा। नशों के संबंध में समुची पुलिस को भी सुचेत और प्रतिबद्ध बनाना होगा। नशों का खात्मा करना स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए बेहद ज़रूरी है।
यदि प्रशासन और पुलिस ऐसी भावना के साथ काम करते हैं तो इस विनाशकारी प्रचलन को प्रभावशाली ढंग से रोका जा सकता है। प्रदेश सरकार के लिए भी यह एक बड़ी चुनौती है, जिस पर पूरी तरह काबू पाने के साथ ही सफलता प्राप्त हो सकेगी। इस संबंधी आने वाला समय और भी गम्भीर हो सकता है, जिसके प्रति प्रशासन को सुचेत रहने की ज़रूरत होगी।
—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

