प्रधानमंत्री का जालन्धर दौरा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जालन्धर की संक्षेप यात्रा को कई पक्षों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। श्री मोदी कुछ घंटों के लिए यहां जालन्धर निकट गुरु रविदास जी के 649वें प्रकाशोत्सव पर डेरा सचखंड बल्लां में पहुंचकर नतमस्तक हुए और डेरा प्रमुख संत निरंजन दास से भी मिले। उन्होंने अपने 20 मिनट के भाषण में जहां गुरु रविदास जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी, वहीं उनके आदर्शों और उपदेशों का भी अनुसरण करने के लिए कहा। उन्होंने गुरु रविदास जी की जन्म भूमि काशी का ज़िक्र भी किया, जहां उनको सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इसी समय उन्होंने आदमपुर हवाई अड्डे का नाम भी गुरु रविदास जी के नाम पर रखने का ऐलान किया। यहीं उन्होंने लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे का वर्चुअल उद्घाटन किया। जहां केन्द्रीय उड्डयन मंत्री राम मनोहर नायडू, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और केन्द्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी उपस्थित थे।
नायडू ने कहा कि हलवारा एयरपोर्ट पर भी 25 से 30,000 नये रोज़गार उत्पन्न होंगे। क्योंकि हलवारा के निकट स्थित लुधियाना पंजाब का औद्योगिक केन्द्र है, इसलिए यहां माल की लिफ्टिंग के लिए भी उड़ानों की शुरुआत होगी, जिसका उद्योग जगत को बहुत लाभ मिलेगा। इसके साथ ही भविष्य में अंतर्राष्ट्रीय हवाई उड़ानें भी यहां से शुरू की जाएंगी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान तथा रवनीत सिंह बिट्टू ने इस हवाई अड्डे का नाम शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखने की भी मांग की। यह शहीद लुधियाना ज़िला से संबंधित है, जिसने सिर्फ 19 वर्ष की आयु में स्वतंत्रता  संग्राम के दौरान शहीदी प्राप्त की थी। 
प्रधानमंत्री की इस संक्षिप्त यात्रा को राजनीतिक पक्ष से भी देखा जा रहा है, क्योंकि इस समय पंजाब में भारतीय जनता पार्टी पंजाब विधानसभा के 2027 में होने वाले चुनावों के लिए अधिक सक्रिय और उत्साह में दिखाई दे रही है। विशेष रूप में दोआबा क्षेत्र में रविदासिया समुदाय भारी संख्या में रहता है। इस क्षेत्र में उनके वोट के प्रभाव को भी माना जाता रहा है। इसीलिए राज्य की सभी राजनीतिक पार्टियों की इस वर्ग को अपने साथ जोड़ने की सक्रियता अधिक बनी रही है। इस समुदाय में कांग्रेस, अकाली दल, बहुजन समाज पार्टी तथा आम आदमी पार्टी का भी समय-समय पर अपना-अपना प्रभाव देखा जाता रहा है। 
जैसे कि हमने ऊपर ज़िक्र किया है, आगामी वर्ष के शुरुआती महीनों में विधानसभा चुनाव के लिए अब भाजपा भी पूरी तरह सक्रिय हुई दिखाई दे रही है। विगत समय में भी प्रधानमंत्री अलग-अलग धार्मिक पर्वों के समारोहों में आते रहे हैं। उनके संक्षिप्त जालन्धर दौरे को भी इसी संदर्भ में देखा जा रहा है, जिसका आगामी चुनाव पर प्रभाव पड़ने की सम्भावना भी दिखाई देती है।

—बरजिन्दर सिंह हमदर्द 

#प्रधानमंत्री का जालन्धर दौरा