हिमाचल: CBSE में बदले स्कूलों में जाने के लिए कम रुचि दिखा रहे टीचर
शिमला, 22 फरवरी - हिमाचल प्रदेश में सीबीएसई स्कूलों में विभिन्न श्रेणियों के 5623 पदों पर नियुक्ति के लिए अब तक महज 4050 शिक्षकों ने ही ऑनलाइन आवेदन किया है। इससे लग रहा है कि शिक्षक सीबीएसई स्कूलों में जाने के लिए खास रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध करने की पहल को शिक्षकों से अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। चयनित 145 सीबीएसई स्कूलों में विभिन्न श्रेणियों के 5623 पदों पर नियुक्ति के लिए अब तक महज 4050 शिक्षकों ने ही ऑनलाइन आवेदन किया है। स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 500 रुपये शुल्क के साथ 24 फरवरी तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। वहीं 600 रुपये की लेट फीस के साथ 27 फरवरी तक आवेदन किए जा सकेंगे। चयन प्रक्रिया के तहत 22 मार्च को स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी।
इसके आधार पर मेरिट सूची तैयार कर नए शैक्षणिक सत्र से नियुक्तियां की जाएंगी। प्रदेश सरकार ने सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और राष्ट्रीय स्तर के पाठ्यक्रम को लागू करने के उद्देश्य से 145 वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया है। इन स्कूलों में पीजीटी, टीजीटी, भाषा अध्यापक, डीपीई सहित विभिन्न श्रेणियों के पद भरे जाने हैं। शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार कई शिक्षक नई व्यवस्था, कार्यप्रणाली और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर असमंजस में हैं। कुछ शिक्षक वर्तमान तैनाती स्थल से स्थानांतरण की संभावना के चलते भी आवेदन से बच रहे हैं।

