चावल का देश कौन-सा है ?
‘दीदी, आज दोपहर में मूंग की दाल की खिचड़ी खाते हुए मैं सोचने लगा कि सबसे ज्यादा चावल का उत्पादन किस देश में होता होगा?’
‘दुनिया में चावल का सबसे अधिक उत्पादन तो चीन में होता है, उसके विशाल खेतों, एडवांस्ड सिंचाई व्यवस्था और ज़बरदस्त घरेलू मांग की वजह से, लेकिन ‘लैंड ऑफ राइस’ या चावल का देश चीन नहीं है।’
‘क्यों? लैंड ऑफ राइस फिर किस देश को कहा जाता है?’
‘थाईलैंड को।’
‘इसकी कोई खास वजह है क्या?’
‘दरअसल, थाईलैंड में चावल केवल एक फसल नहीं है बल्कि यह दैनिक जीवन, संस्कृति व परम्परा का हिस्सा है। नाश्ते से लेकर डिनर तक चावल से बने विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया जाता है।’
‘तो थाईलैंड में भी बहुत बड़े पैमाने पर चावल की खेती की जाती होगी?’
‘थाईलैंड में विशाल हरे धान के खेत, जहां तक आंख देख सकती है वहां तक फैले हुए हैं। चावल की खेती लाखों लोगों का मुख्य रोज़गार है, विशेषकर थाईलैंड के क्लाइमेट, उपजाऊ ज़मीन और पर्याप्त मात्रा में बारिश के कारण।’
‘अच्छा।’
‘और थाईलैंड में चावल का उत्सवों, पारिवारिक समारोह व राष्ट्रीय पहचान से गहरा संबंध है। अनेक परम्परागत डिश मुख्यत: चावल से ही तैयार की जाती हैं और अलग-अलग क्षेत्रों की अपनी विशेष वैरायटी व कुकिंग शैली हैं।’
‘थाईलैंड में चावल की खेती का सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र कौन सा है?’
‘चावल की खेती के लिए चाओ फ्राया रिवर बेसिन सबसे आदर्श है, जो पानी व उपजाऊ ज़मीन प्रदान करता है। गर्म ट्रॉपिकल मौसम और मानसून की बारिश भी चावल के उत्पादन में अतरिक्त मदद करते हैं, जिससे चावल थाईलैंड की अर्थव्यवस्था, संस्कृति व दैनिक खानपान की आदतों का महत्वपूर्ण हिस्सा बन जाता है। थाईलैंड दशकों से बहुत से देशों को चावल निर्यात कर रहा है, जिससे अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में उसकी अच्छी साख बन गई है।’
‘तो थाईलैंड में ग्रामीण जीवन चावल पर ही निर्भर होगा।’
‘ग्रामीण जीवन की तो चावल रीढ़ की हड्डी है, लेकिन इसकी राष्ट्रीय फूड सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका है।’
‘थाईलैंड में क्या एक ही किस्म के चावल उगाये जाते हैं?’
‘नहीं। अनेक वैरायटी हैं, जैसे वाइट राइस, स्टिकी राइस, फ्रगरेंट जस्मीन राइस आदि।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर

