उत्तराखंड विधानसभा :स्वास्थ्य और शिक्षा पर रहा जोर-राज्यपाल

 

राज्यपाल ने कहा कि श्रम विभाग ने महिला कर्मचारियों को रात्रि पाली में काम करने की छूट दी, जिसमें आवागमन की सुरक्षा व यौन उत्पीड़न रोकने के प्रावधान किए गए हैं। कर्मकार बोर्ड ने 10 लाख से अधिक निर्माण श्रमिकों को कौशल विकास प्रशिक्षण दिया। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर, देहरादून के बाद अब अन्य कॉलेजों में कैथलैब की स्थापना की प्रक्रिया गतिमान है। शगुन योजना के अंतर्गत सरकारी अस्पतालों में जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य व 48 घंटे रुकने वाली गर्भवती महिलाओं को 2000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। देहरादून के हर्रावाला में 300 बेड के कैंसर व मेटरनिटी केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है। प्रदेश में 388 पंचकर्म यूनिट संचालित हो रहे हैं, 112 और यूनिट स्थापित की जाएंगी। चिकित्सा पद्धति में एआई आधारित नवीनतम तकनीकी का प्रयोग किया जा रहा है। विद्यालयी शिक्षा विभाग की ओर से 12वीं तक के छात्रों को निशुल्क पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जा रहीं। एनईपी 2020 के तहत 22 महत्वपूर्ण संकेतकों में से 16 संकेतकों को लागू किया जा चुका। 810 स्कूलों में 1585 स्मार्ट कक्षाएं स्थापित की जा चुकी हैं। 11035 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों को खेल आधारित सामग्री उपलब्ध कराई जा चुकी। उच्च शिक्षा के अंतर्गत अंतिम वर्ष के छात्रों को सॉफ्ट स्किल के प्रशिक्षण व प्लेसमेंट गतिविधियों की शुरुआत की गई।

#राज्यपाल