LPG की कमी से दिल्ली के स्ट्रीट फूड पर संकट, 40 फीसदी ढाबे-रेहड़ी बंद
नई दिल्ली, 13 मार्च - एलपीजी गैस की कमी के कारण अब दिल्ली वालों की जेब पर भी असर पड़ने लगा है। कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने और कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण दिल्ली के 30 से 40 फीसदी होटल, रेस्टोरेंट, छोटे ढाबे और रेहड़ी-पटरी के खाने-पीने के स्टॉल बंद हो गए हैं, जबकि कई कारोबार बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। लक्ष्मी नगर, कृष्णा नगर, बुराड़ी, कनॉट प्लेस, कश्मीरी गेट और पहाड़गंज समेत कई इलाकों में कई छोटे होटल और रेस्टोरेंट ने अपना काम बंद कर दिया है। वहीं कुछ होटल सीमित मेन्यू के साथ काम चला रहे हैं।
एलपीजी संकट का सबसे ज्यादा असर रेहड़ी-पटरी के फूड स्टॉल और छोटे ढाबों पर पड़ा है। सुबह से देर रात तक चलने वाले राजधानी के स्टॉलों पर हजारों लोग सस्ता और स्वादिष्ट भोजन करते हैं। लेकिन गैस की कमी और महंगे सिलिंडरों ने इनकी कमर तोड़ दी है। अधिकांश रेहड़ी-पटरी वाले रोजाना नकद में कमर्शियल सिलिंडर खरीदते हैं। पहले उन्हें आसानी से सिलिंडर मिल जाता था, लेकिन अब आपूर्ति कम होने के कारण कई गैस सप्लायर बड़े होटल और रेस्टोरेंट को प्राथमिकता दे रहे हैं। इस कारण छोटे दुकानदारों को सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है।

