कुल्लू :तीन महीनों में 323 टीबी मरीजों की पहचान, 100 दिन का विशेष अभियान शुरू
जिला कुल्लू में स्वास्थ्य विभाग ने पिछले तीन महीनों के दौरान टीबी के 323 मरीजों की पहचान की है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में दी। उन्होंने बताया कि अब टीबी उन्मूलन के लिए 100 दिनों का विशेष अभियान भी शुरू कर दिया गया है।
डॉ. ठाकुर के अनुसार, वर्ष 2024 में जिले में 1554 टीबी मरीजों को नोटिफाई किया गया था, जबकि 2025 में यह संख्या घटकर 1430 रह गई। वहीं, 1 जनवरी 2026 से अब तक 323 नए मरीज सामने आ चुके हैं।
उन्होंने बताया कि विभाग ने 72,511 संवेदनशील लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसे शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। अब मंगलवार से नए चरण का 100 दिवसीय अभियान शुरू किया गया है।
पंचायत स्तर पर चल रहे टीबी मुक्त अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2019 में 19 पंचायतें टीबी मुक्त घोषित हुई थीं। यह संख्या 2024 में बढ़कर 22 और 2025 में 35 तक पहुंच गई है।
विश्व टीबी दिवस के मौके पर कुल्लू शहर में जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसके माध्यम से लोगों को टीबी के लक्षण, जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया गया।
डॉ. रंजीत ठाकुर ने बताया कि विभाग का लक्ष्य टीबी से होने वाली मृत्यु दर में 90 प्रतिशत तक कमी लाना और मरीजों पर होने वाले निजी खर्च को शून्य तक लाना है।

