भाजपा कार्यालय के बाहर धमाका: 24 घंटे नाके, फिर भी ग्रेनेड हमला
चंडीगढ़, 2 अप्रैल -चंडीगढ़ के हर चप्पे पर नाकाबंदी, हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती और लगातार अलर्ट के दावों के बावजूद सेक्टर-37 में पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर ग्रेनेड हमला चंडीगढ़ पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल गया। बीते कुछ दिनों में हुई घटनाओं में चंडीगढ़ पुलिस हालात पर नियंत्रण पाने में फेल रही है। पंजाब यूनिवर्सिटी में सोपू नेता जश्न जावंधा पर फायरिंग और इसके बाद सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत सिंह चन्नी की दिनदहाड़े हत्या के बाद प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने पुलिस अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई थी। इसके बाद 24 घंटे नाके लगाने और सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर शहर में एक थाने के अंतर्गत दो और एक चौकी के अंतर्गत एक नाका लगाया गया। बुधवार को भी करीब 50 नाके सक्रिय थे। दिन-रात रोटेशन में 1500 से 1600 पुलिसकर्मी सड़कों पर तैनात थे। इसके बावजूद हमलावर न केवल शहर में दाखिल हुए बल्कि ग्रेनेड हमलाकर भाग निकले।

