हरियाणा में चिकित्सा संस्थानों के जल टैंकों की तत्काल सफाई के आदेश जारी
चंडीगढ़, 02 अप्रैल (वार्ता ) हरियाणा सरकार ने राज्य के सभी सरकारी चिकित्सा संस्थानों, विश्वविद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों में जल भंडारण टैंकों के तत्काल निरीक्षण और सफाई के सख्त निर्देश जारी किए हैं। यह आदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आयुष, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने गुरुवार को जारी किये।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि कई संस्थानों में जल टैंकों की नियमित सफाई नहीं होने से स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरे उत्पन्न हो रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों, कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पानी उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निर्देशों के अनुसार सभी संस्थान भूमिगत और ओवरहेड दोनों प्रकार के जल टैंकों का गहन निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान टैंकों में संदूषण, रिसाव या संरचनात्मक क्षति की जांच अनिवार्य होगी, ताकि संभावित जोखिमों को समय रहते रोका जा सके।
इसके साथ ही सभी टैंकों की पूरी तरह सफाई, गाद हटाने, आंतरिक सतहों की धुलाई और निर्धारित मानकों के अनुसार कीटाणुशोधन करना अनिवार्य किया गया है। संस्थानों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि पूरी प्रक्रिया स्वीकृत तरीकों से ही की जाए।
डॉ. मिश्रा ने भविष्य में लापरवाही रोकने के लिए जल टैंकों की नियमित सफाई और निरीक्षण का त्रैमासिक कार्यक्रम लागू करने के निर्देश दिए हैं।
सभी संबंधित अधिकारियों को पांच अप्रैल तक अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है, जबकि उपायुक्तों को लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के माध्यम से निगरानी कर सात दिनों में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने दोहराया कि स्वच्छ जल की उपलब्धता स्वास्थ्य सेवाओं का मूल आधार है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की चूक स्वीकार नहीं की जाएगी।

