पाकिस्तान में त्राहिमाम: पेट्रोल 458, डीजल 500 के पार
पाकिस्तान के वित्त मंत्री मोहम्मद औरंगजेब ने कहा कि ये फैसले ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मति से लिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पाकिस्तान ने बढ़ती वैश्विक कीमतों के बावजूद ऊर्जा आपूर्ति बनाए रखी है। सरकार ने यह भी इशारा दिया है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए वह आईएमएफ कार्यक्रम में लचीलापन हासिल करने की कोशिश करेगी, ताकि वित्तीय दबाव को संभाला जा सके।
अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच छिड़ी जंग के साथ वैश्विक तेल कीमतों में उछाल पाकिस्तान की जनता पर कहर बनकर टूट रहे हैं। दरअसल, पाकिस्तान की सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में अभूतपूर्व वृद्धि की घोषणा की है। पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत में 43 प्रतिशत और हाई-स्पीड डीजल में 55 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई है, जो तुरंत लागू हो गई है।
नई दरों के तहत पेट्रोल की कीमत 137.23 रुपये प्रति लीटर बढ़कर 458.41 रुपये हो गई है, जबकि डीजल की कीमत 184.49 रुपये प्रति लीटर बढ़कर 520.35 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इसके अलावा केरोसिन की कीमत में भी 34.08 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। सरकार ने डीजल की कीमतों के असर को सीमित करने के लिए पेट्रोलियम लेवी में बदलाव किया है। पेट्रोल पर लेवी बढ़ाकर 160 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जबकि डीजल पर इसे शून्य कर दिया गया है।

